ब्लॉग खोजें

मेयर विवाद में बड़ा सियासी मास्टरस्ट्रोक, दिल्ली तक पहुंची कानपुर नगर निगम की गूंज

 कानपुर से अमित कुमार की खास रिपोर्ट

कानपुर नगर निगम में लंबे समय से चल रहा मेयर विवाद अब स्थानीय राजनीति की सीमाएं तोड़कर राष्ट्रीय स्तर पर पहुंच गया है। नगर निगम सदन से पार्षदों को बैठकों से निलंबित किए जाने और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज़ उठाने के बाद मामला अब सीधे दिल्ली की सत्ता के गलियारों तक जा पहुँचा है।


नगर निगम में “एकछत्र राज” के आरोपों से घिरीं महापौर प्रमिला पांडेय पर पार्षदों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ बोलने वालों को दबाने की कोशिश की जा रही है और लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए जनप्रतिनिधियों की आवाज़ को निलंबन जैसे कदमों से कुचला जा रहा है।

इसी क्रम में पार्षद पवन गुप्ता, विकास जायसवाल और लक्ष्मी कोरी ने दिल्ली जाकर सीधे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। इस मुलाकात को शहर की राजनीति में एक बड़े “सियासी मास्टरस्ट्रोक” के रूप में देखा जा रहा है। तीनों पार्षदों का आत्मविश्वास और चेहरों पर साफ झलकती मुस्कान इस ओर इशारा कर रही थी कि मामला अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है।

पहले महापौर से आमने-सामने की टक्कर और अब संयुक्त रूप से दिल्ली में दस्तक—राजनीतिक गलियारों में इसे “नहले पर दहला” बताया जा रहा है। पार्षदों ने खुलकर ऐलान किया है कि वे जनता पर लगाए गए टैक्स के खिलाफ आख़िरी दम तक लड़ेंगे। उनका कहना है, “टैक्स खत्म कर के ही मानेंगे, जनता के साथ कोई समझौता नहीं होगा।”

सूत्रों की मानें तो आने वाले दिनों में नगर निगम से लेकर सत्ता के शीर्ष स्तर तक बड़े राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिल सकते हैं। कानपुर की सियासत में यह मुलाकात किसी बड़े उलटफेर का संकेत मानी जा रही है।

अब निगाहें इस पर टिकी हैं कि दिल्ली तक पहुंचे इस विवाद का असर नगर निगम की कार्यप्रणाली और शहर की राजनीति पर किस रूप में पड़ता है। एक बात तय है—कानपुर का मेयर विवाद अब केवल नगर निगम का मुद्दा नहीं रहा, बल्कि यह राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक बहस में शामिल हो चुका है।

मेयर विवाद में बड़ा सियासी मास्टरस्ट्रोक, दिल्ली तक पहुंची कानपुर नगर निगम की गूंज मेयर विवाद में बड़ा सियासी मास्टरस्ट्रोक, दिल्ली तक पहुंची कानपुर नगर निगम की गूंज Reviewed by PSA Live News on 12:37:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.