ब्लॉग खोजें

रांची में ईद बाज़ार की दुकान को लेकर खूनी संघर्ष: लोअर बाजार थाना क्षेत्र में देर रात चाकूबाजी, दो नाबालिग समेत तीन गंभीर घायल


राँची।
राजधानी रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात ईद बाजार में दुकान लगाने को लेकर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के तीन युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में दो नाबालिग सहित तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है।

घटना चर्च रोड स्थित फातुल्लाह रोड इलाके की बताई जा रही है, जहां ईद को लेकर अस्थायी दुकानों की तैयारी चल रही थी। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम दुकान लगाने के स्थान को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। उस समय स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया था। बताया जाता है कि इस संबंध में पुलिस को भी सूचना दी गई थी, लेकिन शाम के समय पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।

स्थानीय लोगों के अनुसार, देर रात लगभग 11 बजे एक बार फिर दोनों गुट आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, फिर धक्का-मुक्की और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान एक गुट के लोगों ने चाकू निकालकर दूसरे पक्ष के युवकों पर हमला कर दिया। हमले में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें दो नाबालिग बताए जा रहे हैं।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। वहीं, हमला करने वाले आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि शाम में सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर सख्ती बरतती, तो देर रात की यह गंभीर घटना टल सकती थी। लोगों का आरोप है कि प्रारंभिक विवाद को गंभीरता से नहीं लिया गया, जिसका परिणाम चाकूबाजी के रूप में सामने आया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे और किसी प्रकार की पुनरावृत्ति न हो।

राजधानी के व्यस्त बाजार क्षेत्र में हुई इस घटना ने एक बार फिर त्योहारों के दौरान प्रशासनिक सतर्कता और कानून-व्यवस्था की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रांची में ईद बाज़ार की दुकान को लेकर खूनी संघर्ष: लोअर बाजार थाना क्षेत्र में देर रात चाकूबाजी, दो नाबालिग समेत तीन गंभीर घायल रांची में ईद बाज़ार की दुकान को लेकर खूनी संघर्ष: लोअर बाजार थाना क्षेत्र में देर रात चाकूबाजी, दो नाबालिग समेत तीन गंभीर घायल Reviewed by PSA Live News on 9:20:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.