ब्लॉग खोजें

चुनाव चिन्ह आवंटन के बाद रांची नगर निगम में अभ्यर्थियों को आचार संहिता व व्यय नियमों की विस्तृत जानकारी

 सामान्य एवं व्यय प्रेक्षकों ने बैठक कर निष्पक्ष, शांतिपूर्ण व पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने की अपील की



रांची।
नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 के तहत चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद रांची नगर निगम क्षेत्र के महापौर एवं वार्ड पार्षद पद के अभ्यर्थियों के साथ सोमवार को समाहरणालय परिसर में सामान्य एवं व्यय प्रेक्षकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सामान्य प्रेक्षक श्री संदीप कुमार दोराईबुरु और व्यय प्रेक्षक श्री ध्रुव कुमार ने अभ्यर्थियों को आदर्श आचार संहिता के पालन और निर्वाचन व्यय से जुड़े नियमों की विस्तृत जानकारी दी।

प्रेक्षकों ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन सभी अभ्यर्थियों के लिए अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी बनाए रखने के लिए हर स्तर पर नियमों का पालन जरूरी है। किसी भी तरह की लापरवाही या उल्लंघन पर आयोग सख्त कार्रवाई कर सकता है।

व्यय प्रेक्षक श्री ध्रुव कुमार ने बताया कि प्रत्येक अभ्यर्थी को चुनाव खर्च के लिए अलग से नया बैंक खाता खुलवाना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही सभी प्रकार के चुनावी खर्चों का विवरण निर्धारित प्रारूप में भरकर समाहरणालय स्थित कक्ष जी-10 में समय-समय पर जमा करना होगा। खर्च के विवरण के लिए तीन अलग-अलग रंगों के प्रपत्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें प्रचार सामग्री, वाहन उपयोग, सभा-जुलूस और अन्य मदों का ब्यौरा देना होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान किसी भी वाहन के उपयोग से पहले संबंधित निर्वाची पदाधिकारी से अनुमति लेना जरूरी है। इसी प्रकार सभा, जुलूस या सार्वजनिक बैठक के आयोजन के लिए संबंधित थाना को सूचित करते हुए आवेदन निर्वाची पदाधिकारी के पास जमा करना अनिवार्य होगा।

सामान्य प्रेक्षक श्री संदीप कुमार दोराईबुरु ने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे चुनावी प्रतिस्पर्धा के दौरान मर्यादा और अनुशासन बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार के प्रलोभन, दबाव या अवैध गतिविधियों से दूर रहें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष चुनाव से ही संभव है और इसमें अभ्यर्थियों की भूमिका सबसे अहम होती है।

प्रेक्षकों ने यह भी बताया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान यदि किसी अभ्यर्थी को आदर्श आचार संहिता या व्यय नियमों से संबंधित कोई समस्या, शंका या जानकारी चाहिए तो वे सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए उन्होंने अपने मोबाइल नंबर भी साझा किए—

सामान्य प्रेक्षक – श्री संदीप कुमार दोराईबुरु

मोबाइल: 9431114834

व्यय प्रेक्षक – श्री ध्रुव कुमार

मोबाइल: 7004490210

इसके अलावा अभ्यर्थी राजकीय अतिथिशाला, सर्कुलर रोड, रांची में स्थित कमरा संख्या 210 एवं 207 में अपराह्न 3:30 बजे से 4:30 बजे के बीच उनसे व्यक्तिगत रूप से मिलकर भी चुनाव से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

बैठक के अंत में प्रेक्षकों ने सभी अभ्यर्थियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नियमों का पालन कर वे रांची नगर निगम का चुनाव एक आदर्श और उदाहरणीय चुनाव बना सकते हैं।

चुनाव चिन्ह आवंटन के बाद रांची नगर निगम में अभ्यर्थियों को आचार संहिता व व्यय नियमों की विस्तृत जानकारी चुनाव चिन्ह आवंटन के बाद रांची नगर निगम में अभ्यर्थियों को आचार संहिता व व्यय नियमों की विस्तृत जानकारी Reviewed by PSA Live News on 8:40:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.