राँची, 21 मार्च 2026: प्रकृति पर्व सरहुल के पावन अवसर पर बाबा विद्यापति स्मारक समिति द्वारा कचहरी चौक पर एक भव्य सेवा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता का प्रतीक बनकर उभरा, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और शोभायात्रा में शामिल लोगों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन रांची नगर निगम के उप महापौर श्री नीरज कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर समिति की ओर से उन्हें मिथिला की पारंपरिक पहचान पाग, शॉल, बाबा विद्यापति का चित्र, मोमेंटो एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में उप महापौर श्री नीरज कुमार ने कहा कि बाबा विद्यापति स्मारक समिति द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यों की सराहना आज केवल राँची ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड में हो रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारा, सेवा भावना और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं।
सेवा शिविर में सरहुल शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए कच्चा चना, गुड़, शरबत एवं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की गई थी। समिति के सदस्यों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ सभी आगंतुकों का स्वागत किया। यह शिविर दोपहर 3 बजे से प्रारंभ होकर शाम 7 बजे तक चला।
हालांकि कार्यक्रम के दौरान अचानक हुई भारी बारिश ने कुछ समय के लिए व्यवधान उत्पन्न किया, जिसके कारण कुछ आमंत्रित मुख्य अतिथि कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके। बावजूद इसके, उन्होंने दूरभाष के माध्यम से अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
इस आयोजन में समिति के अध्यक्ष श्री जयन्त झा के नेतृत्व में कई गणमान्य लोग सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से ज्ञानदेव झा, वैद्य मनोज झा, संतोष मिश्रा, अंजनी कांत झा, मृत्युंजय झा, राजेश झा, विश्वामोहन झा, रंजीत लाल दास, पवन कुमार झा, भानु कच्छप, सुमन झा, बिंदु झा, छवि झा, वरिष्ठ समाजसेवी श्री मणिकांत ओझा सहित महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष श्रीमती बिंदु झा एवं अन्य सदस्य शामिल हुए।
सभी सदस्यों ने मिलकर सरहुल पर्व की शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का स्वागत किया और आयोजन को सफल बनाया।
कार्यक्रम की जानकारी समिति के अध्यक्ष जयन्त झा द्वारा दी गई।
Reviewed by PSA Live News
on
9:43:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: