फाइनेंस कंपनी के वसूली एजेंट बने ‘गुंडे’, गिरिडीह में युवक को पत्नी-बहेन के सामने पीटा — जनता ने किया पलटवार
गिरिडीह से बड़ी खबर। जिले में फाइनेंस कंपनियों के वसूली एजेंटों की दबंगई अब खुलेआम गुंडागर्दी में बदलती नजर आ रही है। ताजा मामला शुक्रवार का है, जहां एक युवक के साथ उसकी पत्नी और बहन के सामने न सिर्फ मारपीट की गई, बल्कि महिलाओं के प्रति अभद्र और अमर्यादित व्यवहार भी किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंकज तुरी नामक युवक ने TVS Motor Company से बाइक फाइनेंस कराई थी। बताया जा रहा है कि उसकी एक किस्त बकाया थी। इसी को लेकर कंपनी के कथित वसूली एजेंटों ने कानून को हाथ में लेते हुए अमानवीय व्यवहार किया।
घटना कैसे हुई?
घटना शहर के बरगंडा नया पुल के समीप की है। पंकज अपनी पत्नी और बहन के साथ बाइक से कहीं जा रहा था, तभी पांच की संख्या में पहुंचे वसूली एजेंटों ने उसकी बाइक को जबरन रुकवा लिया।
इसके बाद एजेंटों ने किस्त जमा करने का दबाव बनाया। जब पंकज ने एक किस्त बकाया होने की बात कही, तो एजेंटों का व्यवहार आक्रामक हो गया। आरोप है कि उन्होंने पंकज को जबरन पुल के नीचे ले जाकर उसके साथ मारपीट की और उसकी पत्नी व बहन के प्रति अभद्र टिप्पणी भी की।
महिलाओं के साथ अभद्रता से भड़का आक्रोश
घटना का सबसे शर्मनाक पहलू यह रहा कि वसूली एजेंटों ने महिलाओं के प्रति भी अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। इससे मौके पर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
स्थानीय लोगों ने जब यह दृश्य देखा, तो उनका गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने एकजुट होकर वसूली एजेंटों का विरोध किया और उनकी पिटाई कर दी।
एक बाइक छोड़कर भागे एजेंट
भीड़ का आक्रोश बढ़ता देख सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि, एक एजेंट अपनी बाइक वहीं छोड़कर भागने को मजबूर हुआ।
पुलिस को दी गई सूचना
घटना की सूचना तुरंत नगर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
बड़ा सवाल
यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि क्या फाइनेंस कंपनियों के वसूली एजेंट कानून से ऊपर हो चुके हैं? क्या बकाया वसूली के नाम पर आम लोगों की गरिमा और सुरक्षा से खिलवाड़ किया जाएगा?
अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस मामले में कितनी सख्ती दिखाता है और दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है।
Reviewed by PSA Live News
on
12:00:00 am
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: