ब्लॉग खोजें

महिला दिवस पर रांची में ‘जल महोत्सव पखवाड़ा’ का शुभारंभ, जल संरक्षण में महिलाओं की भूमिका पर जोर

08 से 22 मार्च तक चलेगा जागरूकता अभियान, उत्कृष्ट कार्य करने वाली जलसहिया दीदियों और मुखिया को किया गया सम्मानित


रांची: 
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शनिवार को रांची में जल संरक्षण और स्वच्छ जल के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘जल महोत्सव पखवाड़ा’ का शुभारंभ किया गया। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन रांची के उपविकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने हॉकी स्टेडियम सभागार में दीप प्रज्वलित कर किया। यह पखवाड़ा 08 मार्च से 22 मार्च 2026 तक जिले में विभिन्न जागरूकता एवं सहभागिता कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उपविकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि जल संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गई है और इसमें महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि जल महोत्सव पखवाड़ा के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों में जल संरक्षण, स्वच्छ पेयजल उपलब्धता, जल स्रोतों के संरक्षण तथा जल जीवन मिशन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने दोनों प्रमंडलों के कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्र से ऐसी पांच-पांच महिलाओं का चयन करें, जिन्होंने जल संरक्षण और जनजागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हों। इन चयनित महिलाओं को आगामी 22 मार्च, विश्व जल दिवस के अवसर पर जिला एवं राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न पंचायतों से आए मुखिया एवं जलसहिया दीदियों ने अपने-अपने गांवों और पंचायतों में जल संरक्षण तथा जल जीवन मिशन के तहत किए गए कार्यों के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि गांवों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने, जल स्रोतों के संरक्षण और लोगों को जल बचाने के प्रति जागरूक करने में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।

इस अवसर पर उपविकास आयुक्त द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने के लिए एक मुखिया और चार जलसहिया दीदियों को शॉल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा अन्य पंचायतों में बेहतर कार्य करने वाली कई जलसहिया दीदियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम में जल संरक्षण के महत्व, स्वच्छ जल की उपलब्धता और ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की सशक्त भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि यदि समाज में जल के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और महिलाएं इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएंगी, तो जल संकट जैसी समस्याओं से काफी हद तक निपटा जा सकता है।

इस मौके पर संबंधित विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, जलसहिया दीदियां और बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए जल जीवन मिशन के उद्देश्यों को सफल बनाने का आह्वान किया गया।

महिला दिवस पर रांची में ‘जल महोत्सव पखवाड़ा’ का शुभारंभ, जल संरक्षण में महिलाओं की भूमिका पर जोर महिला दिवस पर रांची में ‘जल महोत्सव पखवाड़ा’ का शुभारंभ, जल संरक्षण में महिलाओं की भूमिका पर जोर Reviewed by PSA Live News on 8:19:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.