09 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत: वर्षों पुराने मामलों के एक दिन में निपटारे का मौका, पंचायत स्तर पर जागरूकता बढ़ाने के निर्देश
दरभंगा, 27 अप्रैल 2026: आगामी 09 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी को लेकर दरभंगा में व्यापक स्तर पर पहल तेज कर दी गई है। इसी क्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री अजय कुमार शर्मा ने पंचायती राज पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक की, जिसमें लोक अदालत को सफल बनाने और अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आम जनता के लिए एक सरल, सुलभ और प्रभावी न्यायिक विकल्प है, जहां छोटे और लंबे समय से लंबित मामलों का आपसी समझौते के आधार पर त्वरित समाधान संभव है। उन्होंने बताया कि इस मंच के माध्यम से जटिल और लंबी न्यायिक प्रक्रियाओं से हटकर पक्षकारों को एक ही दिन में अपने मामलों का निपटारा कराने का अवसर मिलता है, जिससे समय और संसाधनों दोनों की बचत होती है।
उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अभी भी बड़ी संख्या में लोगों को लोक अदालत के लाभ और प्रक्रिया की पर्याप्त जानकारी नहीं है। ऐसे में पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान चलाना बेहद जरूरी है। उन्होंने ग्राम कचहरी को इस दिशा में अहम भूमिका निभाने का निर्देश देते हुए कहा कि गांव-गांव तक लोगों को लोक अदालत के फायदे बताए जाएं और उन्हें अपने लंबित मामलों के समाधान के लिए प्रेरित किया जाए।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने विशेष रूप से ग्राम कचहरियों और न्यायालयों में लंबित मामलों की पहचान कर उन्हें लोक अदालत में निष्पादन के लिए चिन्हित करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से कहा कि चयनित वादों में अधिक से अधिक पक्षकारों को शामिल कर सुलह-समझौते के माध्यम से मामलों का निपटारा सुनिश्चित किया जाए।
इसके साथ ही बैठक में मोटर दुर्घटना दावा मामलों (क्लेम केस) के त्वरित निपटारे को लेकर भी समीक्षा की गई। उन्होंने अधिवक्ताओं को निर्देश दिया कि वे बीमा कंपनियों और दावाकर्ताओं के बीच सकारात्मक संवाद स्थापित कर समझौते की दिशा में पहल करें, ताकि दोनों पक्षों को शीघ्र न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से क्लेम मामलों का समाधान होने से पीड़ितों को जल्द मुआवजा मिल पाता है और न्यायिक प्रक्रिया भी सरल हो जाती है।
बैठक में दावा न्यायाधिकरण के अध्यक्ष श्री राजकुमार प्रसाद, जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी सहित कई न्यायिक एवं प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठाकर अपने मामलों का त्वरित और सुलहपूर्ण समाधान प्राप्त कर सकें।
Reviewed by PSA Live News
on
10:19:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: