रांची: गुरु अमर दास जी के पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरु नानक सत्संग सभा, कृष्णा नगर कॉलोनी, रातु रोड द्वारा भव्य धार्मिक आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। यह पावन पर्व 30 अप्रैल, बृहस्पतिवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा।
इस अवसर पर सुबह 8:00 बजे से 10:15 बजे तक विशेष दीवान सजाया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 8:00 बजे स्त्री सत्संग सभा द्वारा भावपूर्ण शबद गायन से होगी, जो पूरे वातावरण को भक्तिमय बना देगा। इसके पश्चात गुरुद्वारा के हेड ग्रंथी जिवेन्द्र सिंह जी द्वारा गुरुवाणी की व्याख्या करते हुए कथा वाचन किया जाएगा। वहीं, गुरुद्वारा के हजूरी रागी जत्था भाई महिपाल सिंह जी द्वारा प्रस्तुत शबद-कीर्तन से साध-संगत आध्यात्मिक आनंद में सराबोर होगी।
इस पावन अवसर पर गुरु का अटूट लंगर भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क प्रसाद की व्यवस्था रहेगी। आयोजन समिति ने इसे सेवा, समर्पण और संगत की भावना का प्रतीक बताया है।
सत्संग सभा के अध्यक्ष अर्जुन देव मिड्ढा ने सभी श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त करें और इस आध्यात्मिक आयोजन का हिस्सा बनें।
सभा के मीडिया प्रभारी नरेश पपनेजा ने जानकारी दी कि प्रकाश पर्व के मद्देनजर 20 अप्रैल से प्रतिदिन तीन श्री सहज पाठ का आयोजन किया जा रहा है। इन पाठों का भोग 30 अप्रैल को प्रकाश पर्व के दिन विधिवत रूप से डाला जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सत्संग सभा द्वारा सभी सदस्यों के बीच जिम्मेदारियों का सुव्यवस्थित बंटवारा कर दिया गया है।
पूरे क्षेत्र में इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है और इसे धार्मिक एवं सामाजिक एकता के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।
Reviewed by PSA Live News
on
6:23:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: