रांची में जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण की ऐतिहासिक शुरुआत, पहली सुनवाई संपन्न—व्यापारिक विवादों के त्वरित निपटारे की दिशा में बड़ा कदम
रांची, 23 अप्रैल 2026: झारखंड की राजधानी रांची में वस्तु एवं सेवा कर अपीलीय न्यायाधिकरण (जीएसटीएटी) की राज्य बेंच ने आज एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए अपनी पहली सुनवाई सफलतापूर्वक संपन्न की। खेलगांव स्थित अस्थायी कार्यालय परिसर में आयोजित इस पहली कार्यवाही के साथ ही राज्य में जीएसटी से जुड़े मामलों के त्वरित और प्रभावी निपटारे की दिशा में एक नई शुरुआत हुई है।
जीएसटीएटी रांची बेंच की यह पहली सुनवाई डिवीजन बेंच के समक्ष हुई, जिसमें माननीय उपाध्यक्ष श्री तुषार कांती सेठपाटी और तकनीकी सदस्य (केंद्र) श्री बी.बी. मोहापात्रा शामिल रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय उपाध्यक्ष श्री सेठपाटी द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया, जो न्यायिक प्रक्रिया के औपचारिक आरंभ का प्रतीक बना।
इस अवसर पर CGST रांची कमिश्नरेट के प्रतिनिधि, झारखंड वाणिज्य कर विभाग (SGST) के अधिकारी, बार काउंसिल के पदाधिकारी, झारखंड कमर्शियल टैक्स बार एसोसिएशन के सदस्य एवं कई प्रतिष्ठित अधिवक्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कर कानून से जुड़े विशेषज्ञों और अधिवक्ताओं की उल्लेखनीय भागीदारी ने इस आयोजन को और अधिक महत्वपूर्ण बना दिया।
वर्तमान में गठित राज्य बेंच में एक न्यायिक सदस्य (स्वयं उपाध्यक्ष) तथा एक तकनीकी सदस्य (केंद्र) शामिल हैं। बेंच का प्रशासनिक संचालन उप-पंजीयक श्री विशाल कुमार और सहायक पंजीयक श्री श्रेष्ठ कुमार के नेतृत्व में किया जा रहा है। न्यायालय संचालन में न्यायालय अधिकारी श्री विजय कुमार गुप्ता एवं श्री राहुल कुमार की अहम भूमिका रही, जबकि मामलों के पंजीकरण, प्रक्रमण और सूचीकरण की जिम्मेदारी स्क्रूटनी रिपोर्टर श्री मुकेश कुमार पाठक को सौंपी गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि जीएसटीएटी रांची बेंच के संचालन से झारखंड के व्यापारियों, उद्योगपतियों और करदाताओं को अब दिल्ली या अन्य महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी। यह पहल कर विवादों के शीघ्र निपटारे और न्यायिक प्रक्रिया को सरल बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।
गौरतलब है कि रांची बेंच देश की दूसरी ऐसी राज्य बेंच बन गई है, जिसने अंतरिम स्तर पर सुनवाई प्रारंभ कर दी है, जो इसे राष्ट्रीय स्तर पर भी विशेष पहचान दिलाती है।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर न्यायिक सदस्य टी.के. सतपथी, तकनीकी सदस्य बी.बी. मोहापात्रा, जेसीटीबीए के अध्यक्ष अधिवक्ता आनंद पसारी सहित एच.एल. पटेल, आर.के. मिश्रा, अशोक कुमार, पी.एल. पाटोडिया, ज्योति पोद्दार, सुब्रत दास गुप्ता, शरद दारगर, चेतन पटेल, अजय कुमार, राजेश गर्ग, दीपक पटेल, निरज मोदी सहित अनेक अधिवक्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इसके साथ ही सीजीएसटी के श्री अहमद, पी.सी. सुरिन, तथा एसजीएसटी के दिलीप मंडल और चार्टर्ड अकाउंटेंट आदित्य शाह भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
जीएसटीएटी रांची बेंच की यह शुरुआत न केवल झारखंड बल्कि पूरे क्षेत्र के करदाताओं के लिए एक बड़ी राहत लेकर आई है। आने वाले समय में यह न्यायाधिकरण कर प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और दक्षता को नई दिशा देने का कार्य करेगा।
Reviewed by PSA Live News
on
6:33:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: