ब्लॉग खोजें

बोकारो एसपी ऑफिस में अवैध वेतन निकासी घोटाला: एसआईटी ने एएसआई अशोक कुमार भंडारी को किया गिरफ्तार, 50 लाख रुपये ट्रांसफर का खुलासा


रांची: 
झारखंड में अवैध वेतन निकासी से जुड़े बहुचर्चित मामले में जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इस मामले की जांच कर रही सीआईडी की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बोकारो एसपी कार्यालय के अकाउंट सेक्शन में प्रतिनियुक्त एएसआई अशोक कुमार भंडारी को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार एएसआई को बुधवार को रांची स्थित सीआईडी की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजते हुए होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में भेजने का आदेश दिया।

जांच एजेंसियों के अनुसार, एएसआई अशोक कुमार भंडारी इस घोटाले के मुख्य आरोपी और पूर्व में गिरफ्तार मुख्य लेखापाल कौशल कुमार पांडेय का करीबी सहयोगी था। एसआईटी की प्रारंभिक जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि कौशल कुमार पांडेय के बैंक खाते से लगभग 50 लाख रुपये की बड़ी राशि अशोक कुमार भंडारी के खाते में स्थानांतरित की गई थी।

सूत्रों के मुताबिक, यह लेन-देन अवैध वेतन निकासी की साजिश का हिस्सा माना जा रहा है, जिसमें फर्जी दस्तावेजों और लेखा प्रक्रिया में हेरफेर कर सरकारी धन की निकासी की गई। एसआईटी अब इस पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस घोटाले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

जांच एजेंसी को आशंका है कि यह मामला केवल दो व्यक्तियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें एक संगठित गिरोह सक्रिय रहा है, जिसने लंबे समय तक सरकारी खजाने को चूना लगाया। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

सीआईडी अधिकारियों का कहना है कि सभी वित्तीय लेन-देन की गहन जांच की जा रही है और जिन खातों में संदिग्ध राशि का प्रवाह हुआ है, उन्हें खंगाला जा रहा है।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और विभागीय स्तर पर भी जांच तेज कर दी गई है। सरकार ने स्पष्ट संकेत दिया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर लिप्त पाए जाने वाले अधिकारियों या कर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा।

बोकारो एसपी ऑफिस में अवैध वेतन निकासी घोटाला: एसआईटी ने एएसआई अशोक कुमार भंडारी को किया गिरफ्तार, 50 लाख रुपये ट्रांसफर का खुलासा बोकारो एसपी ऑफिस में अवैध वेतन निकासी घोटाला: एसआईटी ने एएसआई अशोक कुमार भंडारी को किया गिरफ्तार, 50 लाख रुपये ट्रांसफर का खुलासा Reviewed by PSA Live News on 7:53:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.