ब्लॉग खोजें

अवैध मीट दुकानों पर निगम का शिकंजा, वार्ड 52 के चांदनी चौक में कार्रवाई


राँची।
शहर में स्वच्छता, यातायात व्यवस्था और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से रांची नगर निगम द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को वार्ड संख्या 52 स्थित हटिया के चांदनी चौक क्षेत्र में निगम की इंफोर्समेंट टीम ने अवैध रूप से संचालित मीट दुकानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।

निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति के चल रही मीट दुकानों को हटाया। इस दौरान अतिक्रमण कर बनाए गए अस्थायी ढांचे को भी ध्वस्त किया गया और क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान आसपास के दुकानदारों को भी सख्त चेतावनी दी गई कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें और बिना लाइसेंस या निर्धारित स्थान के बाहर व्यवसाय न करें।

नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की अवैध गतिविधियों से न केवल शहर की स्वच्छता प्रभावित होती है, बल्कि यातायात व्यवस्था भी बाधित होती है। खुले में मीट की बिक्री से स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी उत्पन्न होते हैं, जिसे देखते हुए यह कार्रवाई आवश्यक थी।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। निगम ने आम लोगों और व्यवसायियों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और शहर को साफ-सुथरा एवं व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करें।

नगर निगम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया, वहीं स्थानीय लोगों ने इसे शहर की व्यवस्था सुधारने की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।

अवैध मीट दुकानों पर निगम का शिकंजा, वार्ड 52 के चांदनी चौक में कार्रवाई अवैध मीट दुकानों पर निगम का शिकंजा, वार्ड 52 के चांदनी चौक में कार्रवाई Reviewed by PSA Live News on 5:42:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.