बशीरहाट/रांची। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर बशीरहाट जिले में सोमवार को राजनीतिक सरगर्मी अपने चरम पर दिखी। सात विधानसभा क्षेत्रों से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशियों के नामांकन के दौरान केंद्र सरकार में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की मौजूदगी ने कार्यक्रम को शक्ति प्रदर्शन में बदल दिया। इस अवसर पर विशाल रोड शो, जुलूस और जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समर्थकों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी देखी गई।
नामांकन प्रक्रिया के तहत स्वरूपनगर से तारक साहा, बदुरिया से सुकृति सरकार, हरुआ से भास्कर मंडल, मिनाखान से रुद्रेन्द्र पात्रा, संदेशखाली से सनत सरकार, बशीरहाट दक्षिण से डॉ. सूरज बनर्जी तथा बशीरहाट उत्तर से नारायण चंद्र मंडल ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
इस दौरान जनसमूह को संबोधित करते हुए संजय सेठ ने कहा कि नामांकन के दौरान उमड़ी भीड़ इस बात का स्पष्ट संकेत है कि पश्चिम बंगाल की जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के समर्पण और जनता के समर्थन के बल पर भाजपा राज्य में विकास, सुशासन और परिवर्तन का नया अध्याय लिखने जा रही है।
संदेशखाली की घटनाओं का उल्लेख करते हुए सेठ ने कहा कि वहां हुए कथित अपमान और अत्याचार का जवाब बंगाल की जनता आगामी चुनाव में देगी। उन्होंने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और आम नागरिकों, खासकर महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में तुष्टिकरण की राजनीति के चलते सामाजिक संतुलन बिगड़ गया है। सेठ ने कहा कि “घुसपैठियों के भरोसे सरकार चलाने का दौर अब समाप्त होने वाला है। यह देश 140 करोड़ लोगों का है, न कि शरणार्थी शिविर।”
उन्होंने आगे कहा कि त्योहारों के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में उत्पन्न तनाव और कथित घटनाओं ने आम लोगों में असंतोष को बढ़ाया है, और यही असंतोष आगामी चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने दावा किया कि इस बार पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और राज्य में सुशासन स्थापित करेगी।
बशीरहाट में हुए इस शक्ति प्रदर्शन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि चुनावी मुकाबला तेज हो चुका है और सभी दल अपने-अपने स्तर पर जनसमर्थन जुटाने में पूरी ताकत झोंक रहे हैं।
Reviewed by PSA Live News
on
6:29:00 pm
Rating:


कोई टिप्पणी नहीं: