हिसार/उकलाना (राजेश सलूजा)। उकलाना नगरपालिका चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं उकलाना नगरपालिका चुनाव प्रभारी कृष्ण बेदी ने दावा किया है कि इस बार भाजपा की जीत पूरी तरह तय है और कांग्रेस मुकाबले से पहले ही मैदान छोड़ चुकी है।
बुधवार को उकलाना में आयोजित भाजपा की चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक को संबोधित करते हुए कृष्ण बेदी ने कहा कि भाजपा आज देश और प्रदेश में जनता की पहली पसंद बन चुकी है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने अपने विकास कार्यों और जनहितकारी नीतियों के दम पर जनता का भरोसा जीता है, जिसका परिणाम हर चुनाव में भाजपा की जीत के रूप में सामने आ रहा है।
कृष्ण बेदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस अब जनता के मुद्दों से भागने वाली पार्टी बन गई है। उन्होंने कहा कि विधानसभा में भी कांग्रेस ने जनता के सवालों से दूरी बनाए रखी और अब नगरपालिका चुनाव में भी हार के डर से मैदान छोड़ दिया है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ चुनाव में जुटें, ताकि भाजपा की जीत न सिर्फ सुनिश्चित हो, बल्कि ऐतिहासिक अंतर से दर्ज हो। उन्होंने संगठन की मजबूती और बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ ने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में उकलाना नगरपालिका चुनाव की तैयारियां व्यवस्थित और सुचारू रूप से चल रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी निकिता गोयल को समाज के हर वर्ग का व्यापक समर्थन मिल रहा है, जिससे उनकी जीत लगभग तय मानी जा रही है।
डॉ. खेदड़ ने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह और जनता का भरोसा भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है, जो चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाएगा।
जिला मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सपड़ा ने जानकारी दी कि बैठक में पूर्व चेयरमैन जगदीश चोपड़ा, पूर्व मंत्री अनूप धानक और सुरेन्द्र आर्य सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने विचार रखे और चुनाव प्रबंधन को लेकर कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें जिला महामंत्री कृष्ण सरसाना, सिरसा जिलाध्यक्ष एडवोकेट यतेन्द्र सिंह, कार्यालय प्रमुख रामफल नैन, चन्द्र प्रकाश बोस्ती, बहादुर सिंह नंगथला, पूनम मेहता, अशोक गर्ग, कपिल नारंग, समीर इंदौरा, राजेश बंसल, सुमित लितानी, रविंद्र मलिक, संदीप गोयल, दीपक गोयल, कमल सिंगला, अमर लोहिया, महेश बंसल, रोशन लाल मित्तल सहित अन्य अनेक कार्यकर्ता शामिल रहे।
बैठक के दौरान सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर भाजपा प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
उकलाना नगरपालिका चुनाव में भाजपा की जीत तय: कृष्ण बेदी, कांग्रेस पर साधा निशाना
Reviewed by PSA Live News
on
11:28:00 pm
Rating:
Reviewed by PSA Live News
on
11:28:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: