राँची: जिले के सिल्ली थाना क्षेत्र अंतर्गत कुलसूद नावाडीह के समीप उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बॉक्साइट से लदा एक चलती ट्रक अचानक भीषण आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा ट्रक धू-धू कर जलने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक लोहरदगा से हिंडालको प्लांट की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक वाहन के अगले हिस्से से धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में आग ने पूरे ट्रक को अपनी गिरफ्त में ले लिया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक और खलासी ने तत्परता दिखाते हुए चलती ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। उनकी सूझबूझ के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। आसमान तक उठती आग की लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही सिल्ली थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
हालात की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग को तुरंत सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक का अधिकांश हिस्सा जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। इस घटना से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन इस तरह की घटनाएं वाहन सुरक्षा और मेंटेनेंस को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
Reviewed by PSA Live News
on
8:34:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: