“सबका सम्मान–जीवन आसान” कार्यक्रम में जिलाधिकारी की जनसुनवाई: भूमि विवाद, आरक्षण और वेतन भुगतान समेत कई मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
मधुबनी, 27 अप्रैल 2026: जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से “सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली” के तहत जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया। “सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)” थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम
का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को सरकारी कार्यों में आने वाली परेशानियों से राहत
दिलाना तथा प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा। जनसुनवाई के
दौरान दर्जनों आवेदकों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं, जिनमें भूमि विवाद, पंचायत प्रतिनिधित्व, वेतन भुगतान और अन्य प्रशासनिक मामलों
से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं।
इसी
क्रम में ग्राम नवटोल, पोस्ट
भराम, थाना भैरवस्थान
निवासी डॉ. ललन कुमार झा ने अपने पैतृक भूमि पर भाइयों द्वारा जबरन अतिक्रमण किए
जाने की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित
अंचल एवं पुलिस अधिकारियों को जांच कर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
वहीं,
ग्राम ककना, पंचायत श्रीपुरहाटी दक्षिण, थाना पंडौल की निवासी किरण कुमारी ने
पंचायत में वर्ष 2001 से
अब तक मुखिया पद को सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित रखने पर आपत्ति जताते हुए
पुनर्विचार की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को नियमानुसार जांच कर
उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके
अलावा प्रखंड फुलपरास के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय के विशिष्ट शिक्षक
विंध्यवासिनी ने अंतर वेतन की बकाया राशि के भुगतान के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।
जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शीघ्र
भुगतान सुनिश्चित करने को कहा।
जनसुनवाई
के दौरान विभिन्न विभागों के पदाधिकारी अपने-अपने कक्षों में मौजूद रहे और प्राप्त
शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए समाधान की प्रक्रिया शुरू की गई। जिलाधिकारी
आनंद शर्मा ने स्पष्ट कहा कि प्रशासन आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी
तरह प्रतिबद्ध है और सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि शिकायतों का
समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी
निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने
यह भी कहा कि “सबका
सम्मान–जीवन आसान” कार्यक्रम प्रशासन को अधिक जनहितैषी,
पारदर्शी और उत्तरदायी बनाने की दिशा
में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे
नागरिकों को सम्मानपूर्वक और समय पर सेवाएं मिल सकें तथा उन्हें अनावश्यक रूप से
सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
यह जनसंवाद कार्यक्रम जिले में सुशासन और जवाबदेही को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक कदम के रूप में देखा जा रहा है।
कोई टिप्पणी नहीं: