ब्लॉग खोजें

पुष्कर में विप्र फाउंडेशन का राष्ट्रीय अधिवेशन संपन्न, झारखंड को मिला नया नेतृत्व—जय प्रकाश शर्मा बने प्रदेश अध्यक्ष, प्रदीप शर्मा संगठन महामंत्री


रामगढ़/पुष्कर: 
राजस्थान के पवित्र तीर्थ स्थल पुष्कर में आयोजित विप्र फाउंडेशन के 18वें राष्ट्रीय पारिषद अधिवेशन का भव्य समापन हुआ। इस एकदिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में वर्ष 2026–2028 के लिए संगठन के नए पदाधिकारियों की घोषणा की गई, जिसमें पूरे देश से कुल 401 पदाधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

इस महत्वपूर्ण अधिवेशन में झारखंड इकाई को भी नया नेतृत्व मिला। रांची निवासी सी.ए. जय प्रकाश शर्मा को झारखंड प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया, जबकि रामगढ़ के प्रदीप कुमार शर्मा एवं ज्ञानी शर्मा को संयुक्त रूप से प्रदेश संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। इन नियुक्तियों से झारखंड में संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय संस्थापक संयोजक एवं ब्राह्मण समाज के प्रमुख विचारक सुशील ओझा ने संगठन के भावी दृष्टिकोण को स्पष्ट करते हुए कहा कि ब्राह्मण समाज की पहचान को केवल जन्म आधारित अवधारणा तक सीमित रखना उचित नहीं है। उन्होंने इसे ज्ञान, नैतिकता, तप और समाज के प्रति उत्तरदायित्व की परंपरा के रूप में स्थापित करने पर जोर दिया।

इसी क्रम में “ब्राह्मण सदृशता पहचान रूपरेखा” नामक एक राष्ट्रीय शोध अभियान शुरू करने का भी निर्णय लिया गया। इस अभियान का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना तथा ब्राह्मण समाज के ऐतिहासिक योगदान को संतुलित और वैचारिक रूप से सशक्त आधार पर प्रस्तुत करना है।

अधिवेशन में सामाजिक और शैक्षणिक मुद्दों पर भी गंभीर चर्चा हुई। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए आरक्षण को 14 प्रतिशत तक बढ़ाने की मांग उठाई गई। साथ ही, यूजीसी विधेयक का विरोध करते हुए केंद्र सरकार से इसे वापस लेने की मांग भी की गई।

नई जिम्मेदारियां मिलने के बाद जय प्रकाश शर्मा एवं प्रदीप शर्मा ने संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि वे समाज के सर्वांगीण विकास, शिक्षा के प्रसार और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे।

इधर, दोनों पदाधिकारियों के मनोनयन पर रामगढ़ और रांची सहित पूरे झारखंड में खुशी की लहर देखी गई। समाज के विभिन्न वर्गों, गणमान्य व्यक्तियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा उन्हें बधाई देने का सिलसिला लगातार जारी है। नव-नियुक्त पदाधिकारियों ने सभी शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी चुनौती भी है, जिसे वे पूरी निष्ठा से निभाएंगे।

पुष्कर में विप्र फाउंडेशन का राष्ट्रीय अधिवेशन संपन्न, झारखंड को मिला नया नेतृत्व—जय प्रकाश शर्मा बने प्रदेश अध्यक्ष, प्रदीप शर्मा संगठन महामंत्री पुष्कर में विप्र फाउंडेशन का राष्ट्रीय अधिवेशन संपन्न, झारखंड को मिला नया नेतृत्व—जय प्रकाश शर्मा बने प्रदेश अध्यक्ष, प्रदीप शर्मा संगठन महामंत्री Reviewed by PSA Live News on 8:09:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.