पलामू: जिले के पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत जोबला गांव में शनिवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां लूटपाट का विरोध करना एक अधेड़ व्यक्ति को भारी पड़ गया। अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जोबला गांव निवासी बैजनाथ सिंह (लगभग 50 वर्ष) शनिवार रात अपने घर के आसपास मौजूद थे, तभी कुछ अज्ञात अपराधी लूटपाट की नीयत से पहुंचे। जब बैजनाथ सिंह ने अपराधियों का विरोध किया, तो बदमाशों ने बिना किसी हिचकिचाहट के उन पर गोली चला दी। गोली लगते ही वे मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटे, लेकिन तब तक अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे। ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद घायल बैजनाथ सिंह को आनन-फानन में पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन स्थिति नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, पलामू रेफर कर दिया गया। फिलहाल वहां उनका इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पांकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों देखा जा रहा है। लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में गश्ती बढ़ाने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
Reviewed by PSA Live News
on
4:45:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: