ब्लॉग खोजें

रांची में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला

बीमार भाई के नाम पर 35 लाख की साजिश, भाभी से दुष्कर्म प्रयास और संपत्ति हड़पने का आरोप


https://youtu.be/aXhc1G1Jrdk
रांची | संवाददाता 

राजधानी रांची से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने ही देवर पर गंभीर आरोप लगाते हुए उपायुक्त से न्याय की गुहार लगाई है। मामला मानसिक रूप से बीमार पति के नाम पर फर्जी बैंक खाता खोलकर लाखों रुपये के लेन-देन और पुस्तैनी संपत्ति हड़पने से जुड़ा है।

पीड़िता रिंकी गुप्ता, निवासी पुरुलिया रोड, रांची, ने अपने आवेदन में बताया कि उनकी शादी वर्ष 2017 में कुमार गौरव के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही उनके पति की मानसिक स्थिति खराब पाई गई, जिसके बाद उनका इलाज रांची स्थित सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ साइकियाट्री (CIP) में चल रहा है।

महिला का आरोप है कि उनके देवर कुमार सौरभ, जो वर्तमान में सरकारी शिक्षक हैं, ने उनके पति की बीमारी का फायदा उठाकर एक सुनियोजित साजिश रची। उन्होंने पहले आधार कार्ड में अपना मोबाइल नंबर दर्ज करवाया और फिर बैंक में अपने संपर्कों के माध्यम से झारखंड ग्रामीण बैंक की रातू रोड शाखा में एक खाता खुलवाया।

पीड़िता के अनुसार, इस खाते में लगभग 30 से 35 लाख रुपये जमा किए गए और बाद में उनके बीमार पति से धोखे से पुस्तैनी संपत्ति के कागजात पर हस्ताक्षर करवा लिए गए। इतना ही नहीं, धीरे-धीरे चेक के माध्यम से पूरे पैसे की निकासी भी कर ली गई। खाते से संबंधित पासबुक और चेकबुक भी आरोपी ने अपने पास ही रखी।

महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि वर्ष 2021 में देवर ने उनके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया था, जिसकी शिकायत पहले ही दर्ज कराई जा चुकी है और मामला न्यायालय में लंबित है।

घटना का खुलासा तब हुआ जब आरोपी ने पीड़िता को घर खाली करने को कहा और दावा किया कि उनके पति घर बेच चुके हैं। इसके बाद महिला और उनके बीमार पति को घर से बाहर निकाल दिया गया तथा घर तक पहुंचने का रास्ता भी बंद कर दिया गया।

पीड़िता ने उपायुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, सरकारी सेवा से हटाने और अपने घर में सुरक्षा के साथ पुनः बसाने की मांग की है।

यह मामला कई गंभीर सवाल खड़े करता है, जिनमें महिला सुरक्षा, मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति के अधिकार और सरकारी पद के दुरुपयोग जैसे मुद्दे शामिल हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

रांची में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला रांची में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला Reviewed by PSA Live News on 2:01:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.