“स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ समाज और समृद्ध राष्ट्र की आधारशिला” : संजय सर्राफ
रांची। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर 31 मई को देशभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर हिंदी साहित्य भारती के उपाध्यक्ष सह झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के प्रांतीय प्रवक्ता संजय सर्राफ ने लोगों से तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ समाज और समृद्ध राष्ट्र की आधारशिला है।
उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा वर्ष 1987 से प्रत्येक वर्ष 31 मई को विश्व तंबाकू निषेध दिवस मनाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा समाज को नशामुक्त और स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करना है।
संजय सर्राफ ने कहा कि वर्तमान समय में तंबाकू सेवन विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं में से एक बन चुका है। सिगरेट, बीड़ी, गुटखा, पान मसाला, हुक्का सहित विभिन्न तंबाकू उत्पादों में निकोटिन और कई जहरीले तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर के महत्वपूर्ण अंगों को गंभीर रूप से प्रभावित करते हैं। तंबाकू सेवन से कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारी, उच्च रक्तचाप, दमा तथा अन्य कई जानलेवा बीमारियों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
उन्होंने विशेष चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं और किशोरों में बढ़ती तंबाकू की लत समाज और राष्ट्र के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। ऐसे में परिवार, विद्यालय, सामाजिक संस्थाएं और सरकार सभी को मिलकर जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर विभिन्न सरकारी एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा जागरूकता रैली, संगोष्ठी, स्वास्थ्य शिविर, शपथ कार्यक्रम एवं जनजागरण अभियान आयोजित किए जाते हैं। विद्यालयों और महाविद्यालयों में भी विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाता है।
संजय सर्राफ ने कहा कि तंबाकू निषेध केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामाजिक कर्तव्य भी है। यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति स्वयं तंबाकू से दूर रहने के साथ-साथ दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर सभी नागरिक तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने का संकल्प लें और अपने परिवार तथा समाज को भी इसके प्रति जागरूक करें।
Reviewed by PSA Live News
on
7:03:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: