हरियाणा/हिसार (राजेश सलूजा)। अखिल भारतीय सेवा संघ शाखा बरवाला द्वारा भीषण गर्मी को देखते हुए जींद रोड बाईपास, बरवाला पर मीठे पानी की छबील लगाकर मानव सेवा का अनुकरणीय कार्य किया गया। इस दौरान राहगीरों, वाहन चालकों एवं आमजन को ठंडा एवं मीठा पानी वितरित कर गर्मी से राहत प्रदान की गई।
कार्यक्रम का नेतृत्व अखिल भारतीय सेवा संघ के राष्ट्रीय गौरव डायमंड रत्न एवं प्रांतीय अध्यक्ष महेंद्र सेतिया ने किया। उन्होंने कहा कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय सेवा संघ निरंतर सामाजिक, धार्मिक एवं मानव सेवा के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभा रहा है तथा भविष्य में भी ऐसे जनहित कार्य जारी रहेंगे।
महेंद्र सेतिया ने कहा कि भीषण गर्मी में प्यासे लोगों को पानी पिलाना पुण्य का कार्य है। संस्था का उद्देश्य केवल सेवा करना नहीं, बल्कि समाज में सहयोग, भाईचारे और मानवता की भावना को मजबूत करना भी है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
कार्यक्रम के प्रोजेक्ट चेयरमैन नरेंद्र चुघ ने पूरे आयोजन की व्यवस्थाओं का संचालन करते हुए सेवा कार्य को सफल बनाया। शाखा संरक्षक सेवा रत्न के.के. आर्य ने संस्था की सेवा गतिविधियों को और अधिक व्यापक बनाने का आह्वान किया। शाखा अध्यक्ष विक्की रहेजा ने संगठन को मजबूती प्रदान करने एवं सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही। शाखा सचिव संजीव भाटिया ने कार्यक्रम के संचालन एवं समन्वय की जिम्मेदारी निभाई, जबकि शाखा कोषाध्यक्ष सेवा रत्न सुदर्शन खुराना ने सहयोग एवं व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर अखिल भारतीय सेवा संघ के राष्ट्रीय मीडिया सलाहकार राजेश सलूजा, वरिष्ठ समाजसेवी गोबिंद मधु हिसार, तरुण कक्कड़, लीला कृष्ण कथूरिया,वरिष्ठ समाजसेवी पवन मलिक सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने छबील का लाभ उठाया और संस्था द्वारा किए गए इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे मानवता की सच्ची मिसाल बताया।
Reviewed by PSA Live News
on
5:50:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: