ब्लॉग खोजें

ब्रह्माकुमारीज चौधरी बगान, हरमू रोड द्वारा आध्यात्मिक समर कैम्प का आयोजन


राँची।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के स्थानीय सेवा केन्द्र चौधरी बगान, हरमू रोड द्वारा बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए आध्यात्मिक समर कैम्प का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का वातावरण बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता, आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मक उमंग से सराबोर रहा। नन्हें बच्चों की मधुर उपस्थिति ने पूरे परिसर को आनंदमय बना दिया।


समर कैम्प का शुभारम्भ सामूहिक दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच समर्पण शाखा की सचिव रेखा राईका ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों को केवल स्कूली शिक्षा ही नहीं, बल्कि नैतिकता एवं आध्यात्मिकता की शिक्षा की भी अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि संस्कारयुक्त शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बन सकती है।


कार्यक्रम में उपस्थित रोटेरियन प्रवीण राजगढ़िया ने समर कैम्प की सराहना करते हुए कहा कि यह शिविर समय की आवश्यकता के अनुरूप अत्यंत उद्देश्यपूर्ण पहल है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को ऐसे शिविरों में अवश्य भेजें, ताकि उनमें अच्छे संस्कार, शालीनता और व्यवहारिक ज्ञान का विकास हो सके। उन्होंने कहा कि ग्रीष्मावकाश में कई प्रकार के समर कैम्प आयोजित होते हैं, लेकिन यह शिविर अपने आप में अनूठा है, जहां बच्चों को बोलचाल, व्यवहार और जीवन मूल्यों की शिक्षा दी जा रही है।


झारखंड उच्च न्यायालय के दीप रंजन कुमार ने कहा कि बच्चे नन्हें पौधों के समान होते हैं, जिनके व्यक्तित्व निर्माण की जिम्मेदारी माता-पिता पर होती है। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ अध्यात्म से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है, ताकि उनका मानसिक, बौद्धिक और नैतिक विकास संतुलित रूप से हो सके।


समाजसेवी वंदना मिश्रा ने कहा कि बाल्यकाल ही जीवन की दिशा और दशा निर्धारित करता है। उन्होंने कहा कि आज समाज में नम्रता, मधुरता, धैर्यता, समरसता, गुणग्राह्यता और सत्यता जैसे गुणों की कमी दिखाई देती है। यदि विद्यार्थियों को प्रारंभिक अवस्था में ही इन दिव्य गुणों की शिक्षा मिले तो उनका पूरा जीवन सुंदर और सार्थक बन सकता है।


ब्रह्माकुमारी निर्मला बहन ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में बच्चों को तनाव, मानसिक दबाव और नकारात्मकता से बचाने के लिए राजयोग मेडिटेशन अत्यंत प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बातों में तनावग्रस्त हो जाने वाले बच्चों के लिए आध्यात्मिक ज्ञान जीवन की चुनौतियों से उबरने की शक्ति प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा पूरे देश में बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु विभिन्न स्थानों पर आध्यात्मिक समर कैम्प आयोजित किए जा रहे हैं।


समर कैम्प के दौरान बच्चों को जीवन में सफलता और उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक अनेक विषयों की जानकारी दी गई। उन्हें एकाग्रता बढ़ाने, अनुशासन एवं आज्ञापालन के महत्व, सकारात्मक सोच और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें समझाई गईं। विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों, खेल एवं प्रेरणादायक सत्रों के माध्यम से बच्चों के व्यक्तित्व को निखारने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों के साथ केक काटकर खुशियां साझा की गईं।

ब्रह्माकुमारीज चौधरी बगान, हरमू रोड द्वारा आध्यात्मिक समर कैम्प का आयोजन ब्रह्माकुमारीज चौधरी बगान, हरमू रोड द्वारा आध्यात्मिक समर कैम्प का आयोजन Reviewed by PSA Live News on 7:41:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.