ब्लॉग खोजें

श्री हरगोबिंद साहिब जी के प्रकाश पर्व पर भक्ति का अनुपम संगम, 800 से अधिक महिलाओं ने किया श्री सुखमनी साहिब का सामूहिक पाठ


रांची। 
गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा, कृष्णा नगर कॉलोनी के तत्वावधान में संचालित स्त्री सत्संग सभा द्वारा गुरुवार को छठे सिख गुरु श्री हरगोबिंद साहिब जी महाराज का पावन प्रकाश पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में विशेष धार्मिक दीवान का आयोजन किया गया, जिसमें 800 से अधिक महिला श्रद्धालुओं ने एक स्वर में श्री सुखमनी साहिब जी का सामूहिक पाठ कर आध्यात्मिक वातावरण का सृजन किया।

दोपहर 3:30 बजे आरंभ हुए विशेष दीवान की शुरुआत सामूहिक श्री सुखमनी साहिब पाठ से हुई, जिसका समापन शाम 5 बजे हुआ। उल्लेखनीय है कि प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में पिछले 11 दिनों से लगातार श्री सुखमनी साहिब जी का पाठ किया जा रहा था, जिसका सामूहिक समापन इसी अवसर पर संपन्न हुआ। गुरुद्वारा परिसर पूरे समय गुरुबाणी के मधुर स्वर और श्रद्धालुओं की भक्ति भावना से गुंजायमान रहा।

दीवान के दौरान स्त्री सत्संग सभा की शीतल मुंजाल, गीता कटारिया, तीर्थी काठपालिया, मनजीत कौर, बिमला मिड्ढा, नीता मिड्ढा, इंदर गांधी, रमेश गिरधर, मनोहरी काठपाल, इंदु पपनेजा, रेशमा गिरधर एवं गूंज काठपाल ने अत्यंत भावपूर्ण ढंग से गुरुबाणी के पवित्र शबद "साहिब मेरा एको है...", "मेरा सतगुर रखवाला होआ..." तथा "थिरु घरि बैसहु हरिजन पिआरे..." का गायन किया। शबद कीर्तन से उपस्थित संगत भाव-विभोर हो उठी और पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया।

इसके उपरांत श्री आनंद साहिब जी का पाठ किया गया। गीता कटारिया ने अरदास की, जबकि मनोहरी काठपाल ने गुरु साहिब का हुकुमनामा संगत के समक्ष पढ़ा। अंत में कढ़ाह प्रसाद के वितरण के साथ शाम 6 बजे दीवान का विधिवत समापन हुआ। कार्यक्रम का संचालन गुरु घर के सेवक मनीष मिड्ढा ने किया।

इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा के अध्यक्ष अर्जुन देव मिड्ढा ने स्त्री सत्संग सभा की महिलाओं की सेवाभावना और धार्मिक समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से गुरु घर की मर्यादा और सेवा परंपरा निरंतर मजबूत हो रही है। उन्होंने सभी महिलाओं से इसी प्रकार गुरु घर और गुरमत विचारधारा से जुड़े रहने का आह्वान किया।

दीवान के समापन के बाद संगत के बीच गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया। लंगर में पारंपरिक रूप से मिस्सी प्रशादा, प्याज और रायता परोसा गया, जिसे श्रद्धालुओं ने बड़े प्रेम और श्रद्धा के साथ ग्रहण किया।

सत्संग सभा के मीडिया प्रभारी नरेश पपनेजा ने बताया कि श्री हरगोबिंद साहिब जी के प्रकाश पर्व पर आयोजित यह विशेष लंगर स्त्री सत्संग सभा की एक अनूठी परंपरा है। इस अवसर पर सभा की सभी महिलाएं अपने-अपने घरों से स्वयं तैयार किया गया मिस्सी प्रशादा, प्याज और रायता लेकर आती हैं और गुरु की संगत में सेवा स्वरूप वितरित करती हैं। उन्होंने बताया कि इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि जोड़े की सेवा, लंगर तैयार करने और परोसने की सेवा, बर्तन साफ करने, गुरुद्वारा परिसर की सफाई, श्री सुखमनी साहिब का पाठ और शबद कीर्तन—सभी सेवाएं केवल स्त्री सत्संग सभा की महिलाएं ही पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाती हैं। यह महिलाओं की सेवा भावना और गुरु घर के प्रति उनकी अटूट श्रद्धा का जीवंत उदाहरण है।

कार्यक्रम में गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अर्जुन देव मिड्ढा, सचिव सुरेश मिड्ढा, हरगोबिंद सिंह, बिनोद सुखीजा, अनूप गिरधर, बसंत काठपाल, हरीश मिड्ढा, जीवन मिड्ढा, मोहन काठपाल, कमल मुंजाल, राकेश गिरधर सहित स्त्री सत्संग सभा की बड़ी संख्या में महिला सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन में दुर्गी देवी मिड्ढा, आशा मिड्ढा, मीना गिरधर, पूनम मिड्ढा, ममता थरेजा, नीतू किंगर, बलबीर मिड्ढा, जसवीर मुंजाल, किरण अरोड़ा, कांता मिड्ढा, कमलेश मुंजाल, आशा अरोड़ा, दया घई, सुषमा गिरधर, सविता मुंजाल सहित अनेक महिलाओं ने विभिन्न सेवाओं में बढ़-चढ़कर योगदान दिया।

प्रकाश पर्व का यह आयोजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सिख परंपरा में सेवा, संगत और समर्पण की जीवंत मिसाल बनकर सामने आया, जहां महिलाओं ने संगठन, सेवा और आध्यात्मिक नेतृत्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान गुरुद्वारा परिसर में श्रद्धा, अनुशासन और सामूहिक सेवा का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।

श्री हरगोबिंद साहिब जी के प्रकाश पर्व पर भक्ति का अनुपम संगम, 800 से अधिक महिलाओं ने किया श्री सुखमनी साहिब का सामूहिक पाठ श्री हरगोबिंद साहिब जी के प्रकाश पर्व पर भक्ति का अनुपम संगम, 800 से अधिक महिलाओं ने किया श्री सुखमनी साहिब का सामूहिक पाठ Reviewed by PSA Live News on 8:47:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.