"देश की राजनीति में नई पहल: सर्व जन विकास पार्टी ने पूरे हिंदुस्तान में शुरू किया संगठन विस्तार अभियान, ईमानदार और जुझारू युवाओं को नेतृत्व का आह्वान"
संस्थापक सह राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक कुमार झा बोले— "पद नहीं, सेवा का अवसर मिलेगा; जनता की लड़ाई लड़ने वाले और बेदाग छवि वाले लोगों को ही मिलेगी जिम्मेदारी"
रांची। देश की राजनीति में वैकल्पिक नेतृत्व और जनसेवा की नई सोच को लेकर सर्व जन विकास पार्टी ने संगठन विस्तार का राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करने की घोषणा की है। पार्टी ने बिहार सहित हिंदुस्तान के सभी राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष एवं अन्य संगठनात्मक पदों के लिए ऐसे युवा, कर्मठ, निडर और समाजसेवा के प्रति समर्पित लोगों को आगे आने का आह्वान किया है, जो आम जनता की आवाज को बुलंद करने का साहस रखते हों और राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हों।
पार्टी के संस्थापक सह राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक कुमार झा ने कहा कि आज देश की राजनीति को ऐसे नेतृत्व की आवश्यकता है, जो सत्ता नहीं बल्कि सेवा की भावना से प्रेरित हो। उन्होंने कहा कि सर्व जन विकास पार्टी केवल चुनाव जीतने की राजनीति नहीं करना चाहती, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, सम्मान और विकास पहुंचाने के उद्देश्य से एक मजबूत जनआंदोलन खड़ा करना चाहती है।
उन्होंने कहा कि पार्टी का स्पष्ट संकल्प है कि हिंदुस्तान के प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र और सभी राज्यों की प्रत्येक विधानसभा सीट पर अपने उम्मीदवार उतारे जाएंगे। इसके लिए अभी से संगठन को गांव-गांव और शहर-शहर तक मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी में पद किसी की सिफारिश, धनबल, बाहुबल या जातीय समीकरण के आधार पर नहीं मिलेगा, बल्कि उसकी ईमानदारी, सामाजिक कार्यों में सक्रियता, जनसेवा के प्रति समर्पण और बेदाग चरित्र के आधार पर दिया जाएगा।
अशोक कुमार झा ने स्पष्ट किया कि पार्टी ऐसे किसी भी व्यक्ति को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी या चुनावी टिकट नहीं देगी, जिसका आपराधिक रिकॉर्ड हो या जिसकी छवि समाज में संदिग्ध रही हो। उन्होंने कहा कि राजनीति का अपराधीकरण लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा है और सर्व जन विकास पार्टी इस सोच को बदलने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक पदाधिकारी जनता की समस्याओं को केवल सुनने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाधान होने तक संबंधित विभागों और प्रशासन के समक्ष लगातार आवाज उठाएगा। जनता के अधिकारों की रक्षा, गरीब, किसान, मजदूर, युवा, महिला, छात्र, व्यापारी और समाज के हर वर्ग को न्याय दिलाना ही पार्टी की प्राथमिकता होगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी अनीति, अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने के लिए संकल्पित है। उनका कहना था कि यदि व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी सुनिश्चित हो जाए तो देश की अधिकांश समस्याओं का समाधान स्वतः संभव हो सकता है। इसलिए पार्टी का हर कार्यकर्ता जनहित के मुद्दों पर निडर होकर संघर्ष करेगा।
उन्होंने देशभर के युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि यदि वे केवल सोशल मीडिया पर व्यवस्था की आलोचना करने के बजाय बदलाव का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो उन्हें आगे आकर संगठन से जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश को ऐसे युवाओं की जरूरत है जो ईमानदारी, राष्ट्रहित और सामाजिक न्याय के मूल्यों के साथ काम करने का साहस रखते हों।
अशोक कुमार झा ने कहा कि सर्व जन विकास पार्टी का उद्देश्य केवल राजनीतिक संगठन बनाना नहीं, बल्कि एक ऐसी जनशक्ति तैयार करना है जो लोकतंत्र को मजबूत करे, आम नागरिक की आवाज को शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाए और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाए।
पार्टी ने बिहार सहित सभी राज्यों के इच्छुक, शिक्षित, सामाजिक रूप से सक्रिय एवं राष्ट्रहित के प्रति समर्पित युवाओं, महिलाओं और समाजसेवियों से संगठन में जुड़ने की अपील की है। पार्टी का कहना है कि आने वाले समय में प्रदेश, जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर तक संगठन का विस्तार किया जाएगा तथा योग्य और समर्पित लोगों को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक कुमार झा ने कहा, "यदि राजनीति ईमानदार लोगों के हाथ में आएगी, तभी व्यवस्था बदलेगी। हमारा लक्ष्य केवल सरकार बनाना नहीं, बल्कि जनता का विश्वास जीतकर एक जवाबदेह, पारदर्शी और जनहितैषी राजनीतिक व्यवस्था स्थापित करना है। आइए, हम सब मिलकर एक ऐसे हिंदुस्तान के निर्माण का संकल्प लें, जहां न्याय, समान अवसर, विकास और जनसेवा ही राजनीति की पहचान बने।"
Reviewed by PSA Live News
on
3:22:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: