ब्लॉग खोजें

योगिनी एकादशी पर श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में उमड़ी आस्था की अविरल धारा, भक्ति, सेवा और समर्पण का दिखा अनुपम संगम


रांची।
योगिनी एकादशी के पावन अवसर पर पुंदाग स्थित एम.आर.एस. श्रीकृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्रीकृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम के श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। परम पूज्य डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज जी के पावन सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान श्री राधा-कृष्ण के दर्शन किए तथा परिवार, समाज और विश्व के कल्याण की मंगलकामना की।

योगिनी एकादशी के अवसर पर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। भगवान श्री राधा-कृष्ण का विशेष श्रृंगार नवीन दिव्य वस्त्रों, मनमोहक आभूषणों एवं पुष्पों से किया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। पूरे मंदिर परिसर में हरिनाम संकीर्तन, वैदिक मंत्रोच्चार और "राधे-राधे" तथा "जय श्रीकृष्ण" के जयघोष से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।

दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडेय ने वैदिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान को लड्डू, फल, खिचड़ी, मेवा सहित विभिन्न प्रकार के महाप्रसाद का विधिवत भोग अर्पित किया। पूजा-अर्चना के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच मसालेदार वेजिटेबल खिचड़ी सहित महाप्रसाद का वितरण किया गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद ग्रहण कर स्वयं को धन्य महसूस किया।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण भजन-संध्या रही। ट्रस्ट के भजन गायक मनीष सोनी ने अपनी मधुर एवं भावपूर्ण प्रस्तुति से पूरे वातावरण को कृष्णमय बना दिया। उन्होंने "योगिनी एकादशी आई, हरि नाम की ज्योत जगाई...", "राधे-राधे जपो निरंतर, मिट जाए हर संताप...", तथा "हरि नाम से बढ़कर जग में कोई नहीं आधार, राधा-कृष्ण कृपा बरसाएं, हो सबका उद्धार..." जैसे भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी। श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर भजनों पर झूमते रहे और पूरा मंदिर परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो उठा।

इस अवसर पर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता संजय सर्राफ ने योगिनी एकादशी के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व आत्मशुद्धि, पापों के क्षय, ईश्वर भक्ति, संयम और सेवा-साधना का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि भगवान विष्णु एवं श्री राधा-कृष्ण की आराधना से जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है।

संजय सर्राफ ने बताया कि योगिनी एकादशी के शुभ अवसर पर बेंगलुरु निवासी अनिष्क नारायण के सौजन्य से सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में निवास कर रहे 50 से अधिक निराश्रित एवं जरूरतमंद लोगों को प्रेमपूर्वक भोजन कराया गया। उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है और इसी भावना के साथ ट्रस्ट निरंतर धार्मिक एवं सामाजिक सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

कार्यक्रम में डूंगरमल अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, मनोज चौधरी, सज्जन पाड़िया, सुरेश अग्रवाल, पूरणमल सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल, मधुसूदन जाजोदिया, नंदकिशोर चौधरी, संजय सर्राफ, अरविंद अग्रवाल, प्रभास गोयल, विशाल जालान, सुरेश चौधरी, विष्णु सोनी, पवन पोद्दार, सुरेश भगत, ज्ञान चंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

योगिनी एकादशी के इस भव्य आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि भक्ति, सेवा और समर्पण भारतीय सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं। भगवान श्री राधा-कृष्ण की आराधना के साथ मानव सेवा का भाव इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता रहा, जिसने श्रद्धालुओं के हृदय में आध्यात्मिक ऊर्जा और समाजसेवा की प्रेरणा का संचार किया।

योगिनी एकादशी पर श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में उमड़ी आस्था की अविरल धारा, भक्ति, सेवा और समर्पण का दिखा अनुपम संगम योगिनी एकादशी पर श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में उमड़ी आस्था की अविरल धारा, भक्ति, सेवा और समर्पण का दिखा अनुपम संगम Reviewed by PSA Live News on 8:47:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.