ब्लॉग खोजें

वार्षिकोत्सव सह कल्याणोत्सव के सफल समापन के बाद जगद्गुरु श्री अनिरुद्धाचार्यजी महाराज वृंदावन के लिए हुए रवाना


रांची, 1 जुलाई।
रांची के पहाड़ी मंदिर के समीप स्थित श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर (श्री तिरुपति बालाजी), रातू रोड में आयोजित वार्षिकोत्सव सह कल्याणोत्सव समारोह के सफल समापन के उपरांत जगद्गुरु रामानुजाचार्य श्रीस्वामी अनिरुद्धाचार्यजी महाराज अपने परिकरों के साथ श्रीधाम वृंदावन के लिए प्रस्थान कर गए। उनकी विदाई के अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं एवं मंदिर संचालन समिति के सदस्यों ने भावभीनी विदाई दी।

विदा होने से पूर्व जगद्गुरु श्रीस्वामीजी महाराज ने कहा कि 26 जून से 28 जून तक आयोजित वार्षिकोत्सव एवं कल्याणोत्सव महोत्सव अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी कार्यकर्ताओं, सेवाभावी भक्तों एवं सहयोगियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। साथ ही कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार में सहयोग देने वाले समाचार पत्रों एवं पत्रकार बंधुओं के प्रति भी आभार व्यक्त किया।

अपने आशीर्वचन में श्रीस्वामीजी ने कहा कि जो लोग किसी न किसी रूप में भगवान की सेवा से जुड़े रहते हैं, वे वास्तव में धन्य हैं। ऐसे लोगों के माता-पिता भी पुण्यात्मा होते हैं। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति भगवान के प्रति समर्पित होकर सेवा भाव से कार्य करता है और सदैव प्रभु की सेवा में तत्पर रहता है, भगवान स्वयं उसके योग-क्षेम का वहन करते हैं। सेवा और भक्ति का मार्ग मानव जीवन को सार्थक बनाता है।

जगद्गुरु श्रीस्वामीजी ने रांची नगरवासियों के सुख, समृद्धि एवं आध्यात्मिक उन्नति की मंगलकामना करते हुए सभी को अपना आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने कामना की कि भगवान श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर की कृपा सभी श्रद्धालुओं पर बनी रहे और समाज में धर्म, सेवा एवं सद्भाव की भावना निरंतर बढ़ती रहे।

विदाई समारोह के दौरान मंदिर संचालन समिति की कार्यकारी अध्यक्ष श्री राम अवतार नरसरिया, श्री अनूप अग्रवाल, श्री रामवृक्ष साहू सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। शिष्य मंडली और श्रद्धालुओं ने जगद्गुरु श्रीस्वामीजी को माल्यार्पण कर सम्मानपूर्वक विदाई दी तथा दंडवत प्रणाम कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

मंदिर परिसर में आयोजित यह भावनात्मक विदाई समारोह श्रद्धा, भक्ति और गुरु-शिष्य परंपरा की अनुपम छटा प्रस्तुत कर गया। श्रद्धालुओं ने विश्वास व्यक्त किया कि जगद्गुरु श्रीस्वामी अनिरुद्धाचार्यजी महाराज का सान्निध्य एवं उनके आशीर्वचन भविष्य में भी रांची के भक्तों को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करते रहेंगे।

वार्षिकोत्सव सह कल्याणोत्सव के सफल समापन के बाद जगद्गुरु श्री अनिरुद्धाचार्यजी महाराज वृंदावन के लिए हुए रवाना वार्षिकोत्सव सह कल्याणोत्सव के सफल समापन के बाद जगद्गुरु श्री अनिरुद्धाचार्यजी महाराज वृंदावन के लिए हुए रवाना Reviewed by PSA Live News on 11:35:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.