आदिवासी महोत्सव-2026 में सजेगा फिल्म फेस्टिवल, विद्यार्थियों को मिलेगा फिल्म निर्माण सीखने का सुनहरा अवसर
9 अगस्त को मोराबादी मैदान में होगा विशेष आयोजन, SRFTI कोलकाता के विशेषज्ञ देंगे मास्टर क्लास; फिल्म, ओटीटी और डिजिटल मीडिया में करियर की मिलेगी विस्तृत जानकारी
रांची, 7 अगस्त। झारखंड सरकार द्वारा राज्य में फिल्म और मीडिया शिक्षा को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (JFFDCL) आगामी आदिवासी महोत्सव-2026 के अवसर पर 9 अगस्त को रांची के मोराबादी मैदान में विशेष फिल्म फेस्टिवल एवं मास्टर क्लास का आयोजन करने जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य राज्य के युवाओं, विशेषकर विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को फिल्म निर्माण, दृश्य कथानक (विजुअल स्टोरीटेलिंग), डिजिटल मीडिया और मनोरंजन उद्योग की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना है।
इस अनूठे आयोजन में विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित फिल्म शिक्षण संस्थान सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI), कोलकाता के अनुभवी विशेषज्ञों एवं प्राध्यापकों से सीधे संवाद करने और फिल्म निर्माण की तकनीकी एवं रचनात्मक प्रक्रियाओं को समझने का अवसर मिलेगा। आयोजन को लेकर राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों को आमंत्रित किया गया है ताकि अधिक से अधिक युवा इस अवसर का लाभ उठा सकें।
इसी क्रम में झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ने विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग के कुलपति को पत्र भेजकर कार्यक्रम में सहभागिता का आग्रह किया है। विश्वविद्यालय से अनुरोध किया गया है कि जनसंचार एवं पत्रकारिता, मीडिया स्टडीज, फिल्म स्टडीज, परफॉर्मिंग आर्ट्स, विजुअल कम्युनिकेशन तथा संबंधित विषयों के कम-से-कम 50 विद्यार्थियों को नामित कर कार्यक्रम में भेजा जाए। इसी प्रकार अन्य शिक्षण संस्थानों को भी विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
फिल्म फेस्टिवल के दौरान आदिवासी समाज के जीवन, संस्कृति, परंपराओं, लोककला, सामाजिक सरोकारों तथा समकालीन विषयों पर आधारित चयनित फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इन फिल्मों के माध्यम से न केवल झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा, बल्कि विद्यार्थियों को यह भी समझने का अवसर मिलेगा कि किस प्रकार सिनेमा समाज के विभिन्न पहलुओं को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त करता है।
आयोजन का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण "फिल्म मेकिंग एंड करियर ऑपर्च्युनिटीज इन द फिल्म इंडस्ट्री" विषय पर आयोजित होने वाली विशेष मास्टर क्लास होगी। इस सत्र में विशेषज्ञ प्रतिभागियों को फिल्म निर्माण की संपूर्ण प्रक्रिया से अवगत कराएंगे। इसमें कहानी और पटकथा लेखन, निर्देशन, कैमरा संचालन (सिनेमैटोग्राफी), प्रकाश व्यवस्था, संपादन, साउंड डिजाइन, प्रोडक्शन मैनेजमेंट, पोस्ट-प्रोडक्शन और डिजिटल कंटेंट निर्माण जैसे विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को फिल्म, टेलीविजन, ओटीटी प्लेटफॉर्म, वेब सीरीज, डॉक्यूमेंट्री, विज्ञापन, एनीमेशन, डिजिटल कंटेंट क्रिएशन तथा न्यू मीडिया जैसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों की भी जानकारी दी जाएगी। विशेषज्ञ यह भी बताएंगे कि राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित फिल्म संस्थानों में प्रवेश कैसे प्राप्त किया जा सकता है तथा मीडिया एवं फिल्म उद्योग में सफल करियर बनाने के लिए किन कौशलों की आवश्यकता होती है।
झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन का मानना है कि यह आयोजन केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के लिए सीखने, अपनी रचनात्मक क्षमता विकसित करने और भविष्य के करियर की दिशा तय करने का एक महत्वपूर्ण मंच सिद्ध होगा। राज्य के प्रतिभाशाली युवा इस पहल के माध्यम से फिल्म और मीडिया उद्योग की बदलती जरूरतों को समझ सकेंगे तथा अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का मार्ग तलाश सकेंगे।
गौरतलब है कि झारखंड में फिल्म उद्योग के विकास को गति देने के उद्देश्य से गत 22 जुलाई को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में झारखंड राज्य फिल्म विकास निगम एवं सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI), कोलकाता के बीच स्थानीय सूचना भवन में एक महत्वपूर्ण समझौता (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए थे। इस समझौते के तहत झारखंड में फिल्म संस्थान की स्थापना और फिल्म शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में व्यापक सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा। आगामी फिल्म फेस्टिवल एवं मास्टर क्लास को इसी पहल की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है, जिससे राज्य के युवाओं को अपने ही प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण फिल्म शिक्षा और उद्योग से जुड़ने के नए अवसर प्राप्त होंगे।
Reviewed by PSA Live News
on
11:00:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: