दुष्कर्म के आरोपी की भीड़ ने पीट-पीटकर ली जान, पिता को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा; टंडवा के बड़गांव में सनसनी, इलाके में भारी तनाव
टंडवा (चतरा)। चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़गांव से मंगलवार को एक बेहद सनसनीखेज और दर्दनाक घटना सामने आई है। दुष्कर्म के आरोप से आक्रोशित ग्रामीणों की भीड़ ने कानून अपने हाथ में लेते हुए आरोपी युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी के पिता को भी भीड़ ने खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में एक युवती से कथित दुष्कर्म की घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश था। आरोप है कि इसी गुस्से में बड़ी संख्या में लोग आरोपी युवक के घर पहुंच गए। देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और आरोपी को पकड़कर उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के दौरान भीड़ का गुस्सा यहीं नहीं थमा। आरोपी के पिता को भी घर से बाहर निकालकर खंभे से बांध दिया गया और उनकी भी जमकर पिटाई की गई। घायल पिता को बाद में पुलिस ने भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
घटना की सूचना मिलते ही टंडवा थाना पुलिस के साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही पूरे गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों की पहचान की जा रही है तथा वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेने की प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी मामले में कानून पर भरोसा रखने की अपील की है।
फिलहाल पुलिस दुष्कर्म के आरोप और भीड़ द्वारा की गई हिंसा, दोनों मामलों की अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है।
Reviewed by PSA Live News
on
8:44:00 am
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: