ब्लॉग खोजें

संदीप यूनिवर्सिटी में कृषि संकाय का भव्य ओरिएंटेशन: आधुनिक कृषि, नवाचार और उद्यमिता से जुड़ने का दिया गया मंत्र

संवाददाता- सुजीत कुमार मिश्र।

           मधुबनी   । संदीप यूनिवर्सिटी, सिजौल के स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर साइंस में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के लिए भव्य ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, आधुनिक कृषि शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, कौशल विकास, प्रशिक्षण, रोजगार एवं उद्यमिता के अवसरों के साथ-साथ अनुशासित एवं उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराना था। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं स्वागत गान के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का विश्वविद्यालय परिवार में आत्मीय स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की।

 


   मुख्य अतिथि श्री सुदामा ठाकुर, जिला कृषि अधिकारी, मधुबनी ने कहा कि वर्तमान समय में कृषि क्षेत्र आधुनिक तकनीकों, वैज्ञानिक अनुसंधान एवं डिजिटल नवाचार के माध्यम से तेजी से परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करते हुए प्राकृतिक खेती, स्मार्ट कृषि, कृषि उद्यमिता तथा नवीन तकनीकों को अपनाकर किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

     विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) अरुण कुमार द्विवेदी ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि विद्यार्थी केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रहें, बल्कि प्रयोगात्मक शिक्षा, अनुसंधान, स्टार्टअप, कृषि उद्यमिता एवं किसानों की वास्तविक समस्याओं के समाधान पर भी गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने कहा कि संदीप यूनिवर्सिटी का लक्ष्य ऐसे कृषि स्नातकों का निर्माण करना है जो केवल रोजगार के अवसर तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाले युवा बनें तथा वैज्ञानिक सोच और नवाचार के माध्यम से टिकाऊ कृषि, खाद्य एवं पोषण सुरक्षा तथा किसानों की समृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दें।

     उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, सतत अध्ययन, व्यावहारिक ज्ञान, नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को अपने व्यक्तित्व का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय की अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, कृषि फार्म, फील्ड प्रशिक्षण, इंटर्नशिप एवं अनुसंधान सुविधाओं का अधिकतम उपयोग कर स्वयं को राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर की चुनौतियों के अनुरूप तैयार करें।

     इस अवसर पर कृषि संकाय के डीन डॉ. आर. पी. श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संकाय की शैक्षणिक गतिविधियों, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, अनुसंधान परियोजनाओं, फील्ड प्रशिक्षण, ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव (RAWE), कृषि उद्यमिता तथा रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

      विभागाध्यक्ष श्री अमितेश शुक्ला ने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम, प्रायोगिक शिक्षण, फील्ड विजिट, परियोजना कार्य, कौशल विकास कार्यक्रमों तथा कृषि क्षेत्र में उपलब्ध विविध करियर विकल्पों से अवगत कराते हुए अनुशासन, नियमित अध्ययन एवं नवाचार की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

     कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली, डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म, केंद्रीय पुस्तकालय, कौशल विकास कार्यक्रम, इंटर्नशिप, प्लेसमेंट एवं करियर निर्माण से जुड़ी विभिन्न सुविधाओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई। नवप्रवेशी विद्यार्थियों ने शिक्षकों एवं विशेषज्ञों के साथ संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

     कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के डीन, विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में नवप्रवेशी छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। अंत में सभी विद्यार्थियों को उनके नए शैक्षणिक जीवन के लिए शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया गया कि वे अपने ज्ञान, परिश्रम, अनुसंधान एवं नवाचार के बल पर न केवल विश्वविद्यालय का नाम रोशन करेंगे, बल्कि कृषि क्षेत्र के सतत विकास एवं राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

संदीप यूनिवर्सिटी में कृषि संकाय का भव्य ओरिएंटेशन: आधुनिक कृषि, नवाचार और उद्यमिता से जुड़ने का दिया गया मंत्र संदीप यूनिवर्सिटी में कृषि संकाय का भव्य ओरिएंटेशन: आधुनिक कृषि, नवाचार और उद्यमिता से जुड़ने का दिया गया मंत्र Reviewed by PSA Live News on 1:10:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.