मधुबनी। संदीप यूनिवर्सिटी, सिजौल के अंतर्गत श्री नित्यानंद झा स्कूल ऑफ एजुकेशन में महान हॉकी खिलाड़ी एवं ‘हॉकी के जादूगर’ मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह का गरिमापूर्ण आयोजन किया गया। शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में शारीरिक सुदृढ़ता, खेल भावना, अनुशासन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था।
कार्यक्रम का आयोजन सेमिनार हॉल, प्रथम तल, एजुकेशन ब्लॉक, एसएनजेएसओई, संदीप यूनिवर्सिटी परिसर में किया गया। कार्यक्रम में बी.एड. , डी.एल.एड. एवं स्कूल आफ फार्मेसी के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। समारोह के अंतर्गत खेल एवं शारीरिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रेरणादायी वक्तव्य, मनोरंजक एवं फिटनेस गतिविधियां, खेल प्रतियोगिताएं तथा उत्कृष्ट प्रतिभागियों के लिए पुरस्कार एवं सम्मान का प्रावधान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मेजर ध्यानचंद के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के डीन डॉ. ज्योतिंद्र कुमार पाठक, विभागाध्यक्ष डॉ. विधानचंद्र चौधरी, अकादमिक कोऑर्डिनेटर प्रो. आनंद कुमार चौधरी, निदेशक छात्र कल्याण डॉ. अभिषेक ठाकुर, प्रो. सुजीत कुमार मिश्रा, डॉ. उमाकर ठाकुर, डॉ. विमल कुमार कर्ण, डॉ. राकेश रंजन, प्रो. आनंद मोहन झा, डॉ. अमजद कमाल एवं प्राध्यापक प्रो. प्रत्यूष नंदन सहित स्कूल ऑफ फार्मेसी के विभागाध्यक्ष प्रो. विवेक कुमार तथा शिक्षा विभाग के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षकों ने मेजर ध्यानचंद के व्यक्तित्व एवं कृतित्व तथा भारतीय खेल जगत में उनके अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व, सहयोग, धैर्य और राष्ट्रभावना के विकास का प्रभावी साधन है। एक स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का विकास होता है और एक शिक्षक के लिए शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है।
वक्ताओं ने कहा कि “खेल साथ-साथ खेलने और साथ-साथ आगे बढ़ने की संस्कृति विकसित करते हैं।” खेल विद्यार्थियों में टीम भावना, परस्पर सहयोग और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ उन्हें जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को ‘Sports for Health, Sports for Nation, Sports for Everyone’ की भावना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों ने मेजर ध्यानचंद के जीवन, उनकी अद्वितीय खेल प्रतिभा और भारतीय हॉकी में उनके अविस्मरणीय योगदान को स्मरण किया तथा खेलों को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का सुव्यवस्थित एवं प्रभावी संचालन शिक्षा विभाग के प्राध्यापक प्रो. प्रत्यूष नंदन ने किया। वहीं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. उमाकर ठाकुर ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में प्रो. सुजीत कुमार मिश्र ने विश्वविद्यालय प्रशासन, अतिथियों, शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
समारोह का समापन खेल भावना, स्वस्थ जीवनशैली तथा विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता के संकल्प के साथ हुआ।
Reviewed by PSA Live News
on
8:45:00 pm
Rating:




कोई टिप्पणी नहीं: