स्वतंत्रता दिवस पर देश की एकता, अखंडता और खुशहाली के लिए हुई विशेष दुआ
रांची। 80वें यौमे आज़ादी के अवसर पर देशभर में स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इसी कड़ी में फिरदौस नगर, मणिटोला, डोरंडा स्थित खानकाह मज़हरिया मुनामिया में भी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर गरिमापूर्ण झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में खानकाह के सज्जादानशीन सैय्यद शाह अल्कामा शिब्ली कादरी ने शान से तिरंगा फहराया। राष्ट्रध्वज फहराए जाने के बाद उपस्थित लोगों ने तिरंगे को सलामी दी और राष्ट्रगान के साथ देश के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर देश की तरक्की, अमन-चैन, खुशहाली और आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआ की गई। सज्जादानशीन सैय्यद शाह अल्कामा शिब्ली कादरी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद करने का दिन है, जिनकी कुर्बानियों की बदौलत देश को आजादी मिली।
उन्होंने कहा कि भारत की खूबसूरती उसकी एकता, विविधता और आपसी भाईचारे में है। देश की मजबूती के लिए समाज के हर वर्ग को मिल-जुलकर शांति, सद्भाव और राष्ट्रहित की भावना को आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने सभी देशवासियों से देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने तथा समाज में प्रेम और भाईचारे का वातावरण बनाए रखने की अपील की।
सैय्यद शाह अल्कामा शिब्ली कादरी ने देशवासियों को 80वें यौमे आज़ादी की दिली मुबारकबाद देते हुए कहा कि हमें अपने स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश की प्रगति में अपनी जिम्मेदारियां निभानी चाहिए। कार्यक्रम के अंत में देश की शांति, सुरक्षा, समृद्धि और खुशहाली के लिए सामूहिक दुआ की गई।
Reviewed by PSA Live News
on
11:15:00 am
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: