ब्लॉग खोजें

हर घर तिरंगा अभियान के तहत विद्यालयों में गूंजा देशभक्ति का संदेश

तिरंगा वितरण, ‘सेल्फी विद तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ क्विज में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

12 अगस्त को शिवगंगा बालिका उच्च विद्यालय से निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा


मधुबनी, 11 अगस्त 2026। 
भारत सरकार के ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ के तहत मधुबनी जिले में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न विद्यालयों में विविध जागरूकता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला प्रशासन के निर्देश पर जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय की टीम ने जिले के कई विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों को अभियान के उद्देश्य और तिरंगे के महत्व से अवगत कराया।

अभियान के तहत वॉटसन स्कूल, मधुबनी, शिवगंगा बालिका विद्यालय, मधुबनी, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय रामपट्टी, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय रांटी, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय पिलखवार तथा उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय साउथ हरिपुर, कलवाही में कार्यक्रम आयोजित किए गए।

विद्यार्थियों के बीच वितरित किए गए तिरंगे

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का वितरण किया गया। विद्यार्थियों को अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों एवं कला-संस्कृति टीम के सदस्यों ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, उसके सम्मान तथा राष्ट्र के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी।

विद्यालयों में आयोजित ‘सेल्फी विद तिरंगा’ गतिविधि विद्यार्थियों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही। विद्यार्थियों ने तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर अभियान में उत्साहपूर्वक भागीदारी की। इस गतिविधि का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज से भावनात्मक रूप से जोड़ना तथा देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना रहा।

‘वंदे मातरम्’ क्विज में दिखा उत्साह

कार्यक्रमों के दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के इतिहास, रचनाकार, राष्ट्रीय आंदोलन में इसकी भूमिका तथा इसके महत्व से संबंधित क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने क्विज में उत्साहपूर्वक भाग लिया और देश के स्वतंत्रता आंदोलन एवं राष्ट्रीय चेतना से जुड़े अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया।

विद्यार्थियों को बताया गया कि ‘वंदे मातरम्’ भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान राष्ट्रीय चेतना और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण गीत रहा है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन कर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।

12 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा

‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ के तहत मधुबनी जिले में अगला प्रमुख कार्यक्रम 12 अगस्त 2026 को प्रातः 6:30 बजे आयोजित किया जाएगा। शिवगंगा बालिका उच्च विद्यालय के परिसर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।

तिरंगा यात्रा में जिले के युवाओं, विद्यार्थियों एवं आम प्रतिभागियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है। यात्रा के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और देश के प्रति गौरव की भावना का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

जिला प्रशासन की ओर से नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने तथा अपने घरों पर तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने की अपील की गई है।

विद्यालयों में आयोजित इन कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ नई पीढ़ी को देश के स्वतंत्रता संघर्ष और राष्ट्रीय प्रतीकों के महत्व से जोड़ने का प्रयास भी किया जा रहा है।

हर घर तिरंगा अभियान के तहत विद्यालयों में गूंजा देशभक्ति का संदेश हर घर तिरंगा अभियान के तहत विद्यालयों में गूंजा देशभक्ति का संदेश Reviewed by PSA Live News on 10:51:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.