श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर में श्रीवैष्णव परंपरा के अनुसार हुए विविध अनुष्ठान, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीवेंकटेश्वर के किए दर्शन
राँची, 12 अगस्त 2026। पहाड़ी मंदिर के समीप स्थित दिव्यदेशम् श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर (तिरुपति बालाजी) मंदिर में बुधवार को श्रावणी अमावस्या के पावन अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और श्रीवैष्णव परंपरा के अनुरूप विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर में दिनभर आध्यात्मिक वातावरण बना रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीमन्नारायण एवं श्रीवेंकटेश्वर के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
अनुष्ठान का शुभारंभ भगवान के दुग्धपान एवं विश्वरूप दर्शन से हुआ। इसके बाद सुप्रभातम्, करावलंबम् एवं मंगलाशासनम् का पाठ संपन्न कराया गया। तत्पश्चात श्रीवैष्णव परंपरा के अनुसार विधिवत तिरूवाराधन संपन्न हुआ।
मंदिर की ओर से बताया गया कि भगवान श्रीमन्नारायण की आराधना श्रुति, स्मृति एवं आगमों में वर्णित विधि के अनुसार करना अत्यंत महत्वपूर्ण माना गया है। श्रीरामानुजाचार्य संप्रदाय की गुरु-परंपरा के अनुरूप मंदिर में पांचरात्र आगम विधान के अनुसार भगवान श्रीतिरुपति बालाजी की पूजा-अर्चना की जाती है। पांचरात्र में वर्णित पूजा-विधि को आगम कहा जाता है, जबकि वेदों एवं ब्राह्मण ग्रंथों में वर्णित पूजा-पद्धति श्रौत तथा वासिष्ठी पद्धति के अनुसार की जाने वाली पूजा को स्मार्त कहा जाता है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान विष्णु एवं श्रीवेंकटेश्वर की आराधना अत्यंत पुण्यदायी कर्म है। इसी भावना के साथ अमावस्या पर्व के अवसर पर विशेष आराधना, महाआरती और नैवेद्य भोग निवेदन किया गया। इसके बाद श्रुति, उपनिषद एवं देशिक स्तोत्रों के उत्कृष्ट ऋचाओं के माध्यम से भगवान की महास्तुति की गई।
स्नान-दान एवं पितरों की तृप्ति के लिए श्रद्धालुओं ने की प्रार्थना
श्रावणी अमावस्या के धार्मिक महत्व को देखते हुए श्रद्धालुओं ने स्नान-दान, पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। अनेक श्रद्धालुओं ने अपने पितरों की तृप्ति, परिवार की सुख-शांति, समृद्धि एवं मंगलकामना के लिए भगवान श्रीवेंकटेश्वर से प्रार्थना की।
मंदिर में दिनभर के भोग की सेवा श्री दया शंकर शर्मा, राँची तथा विवेक-रिया वड़जात्या की ओर से निवेदित की गई।
पूरे धार्मिक आयोजन को मंदिर के अर्चकों श्री सत्यनारायण गौतम, श्री गोपेश आचार्य एवं श्री नारायण दास जी ने विधिपूर्वक संपन्न कराया। इस दौरान मंदिर में वैदिक एवं स्तोत्र पाठ से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से राम अवतार नारसरिया, अनूप अग्रवाल, प्रदीप नारसरिया, सुशील लोहिया, रंजन सिंह सहित अनेक गणमान्य श्रद्धालु उपस्थित रहे। इसके अलावा दिनभर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख, शांति, समृद्धि तथा पितरों की तृप्ति की कामना की।
Reviewed by PSA Live News
on
4:08:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: