श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर में विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना, 1456 श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद
राँची। राजधानी राँची के रातू रोड स्थित राणी सती मंदिर लेन में अवस्थित दिव्यदेशम् श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर (श्री तिरुपति बालाजी) में शनिवार, 12 सितंबर को भाद्रपद शुक्ल पक्ष की प्रथम तिथि एवं त्रिपुष्यकर योग के पावन अवसर पर 948वें खिचड़ी भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और भक्ति से ओतप्रोत इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मंदिर परिसर पूरे दिन भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा। आयोजन के दौरान कुल 1456 श्रद्धालुओं ने खिचड़ी महाप्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकालीन धार्मिक एवं वैदिक अनुष्ठानों के साथ हुआ। मंदिर में वेंकटाचलपति भगवान श्रीमन्नारायण की विधि-विधानपूर्वक नित्याराधना एवं पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। इस दौरान वेद, उपनिषद एवं विभिन्न सूक्तों के मंत्रोच्चार के बीच भगवान की सेवा-उपासना, वंदन तथा महाआरती की गई। वैदिक मंत्रों की गूंज से पूरा मंदिर परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा।
पूजा-अर्चना के उपरांत भगवान श्रीमन्नारायण को विधि-विधानपूर्वक मुद्रा, छत्र, चँवर एवं व्यजन आदि से सेवा प्रदान करते हुए खिचड़ी महाभोग अर्पित किया गया। भगवान को भोग निवेदन और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण शुरू हुआ। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर श्रद्धा एवं भक्ति के साथ खिचड़ी महाप्रसाद ग्रहण किया।
यजमान परिवार ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
948वें खिचड़ी भंडारे के आयोजन के यजमान श्री विकास शर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती रुचिता शर्मा, निवासी लालपुर, राँची रहे। मंदिर के अर्चक श्री सत्यनारायण गौतम, श्री गोपेश आचार्य एवं श्री नारायण दास जी ने पूरे धार्मिक अनुष्ठान को विधि-विधानपूर्वक संपन्न कराया।
आयोजन को सफल बनाने में प्रदीप नारसरिया, अनूप अग्रवाल, रंजन सिंह, ओमप्रकाश गाड़ोदिया, सुशील गाड़ोदिया, सुशील लोहिया, राजेश सुल्तानिया, शंभूनाथ पोद्दार, प्रभास मित्तल, यशोदा देवी एवं सीता शर्मा सहित अन्य श्रद्धालुओं एवं सेवाभावी लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
भंडारे के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। मंदिर प्रबंधन एवं आयोजन से जुड़े लोगों ने श्रद्धालुओं को सुचारु रूप से महाप्रसाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था की। धार्मिक आयोजन ने एक बार फिर मंदिर परिसर में सेवा, श्रद्धा और भक्ति की त्रिवेणी का वातावरण निर्मित कर दिया।
Reviewed by PSA Live News
on
4:23:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: