ब्लॉग खोजें

भक्ति और आध्यात्मिकता से गूंजा महाराजा अग्रसेन भवन

भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा अमृत महोत्सव का शुभारंभ



रांची।
सराफ परिवार के तत्वावधान में महाराजा अग्रसेन भवन, रांची में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा अमृत महोत्सव का भव्य एवं भक्तिमय शुभारंभ हुआ। कथा के प्रथम दिन श्रद्धा, आस्था और आध्यात्मिक उल्लास से पूरा परिसर सराबोर रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा में शामिल होकर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।

आयोजन के शुभारंभ से पूर्व प्रातः 10 बजे लक्ष्मी नारायण मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु राजस्थानी पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर श्रद्धा एवं उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया। जगन्नाथधाम के सुप्रसिद्ध कथावाचक एवं व्यास श्री दिनेश जी भारद्वाज सुसज्जित रथ पर विराजमान होकर कलश यात्रा में शामिल हुए।

कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के जयघोष, भजन एवं मंगलगीतों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। यात्रा के कथा स्थल पर पहुंचने के बाद विधिवत पूजा-अर्चना के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया गया।

शुकदेव-परीक्षित मिलन ने किया भावविभोर

कथा के प्रथम दिवस व्यास श्री दिनेश जी भारद्वाज ने श्रीमद्भागवत कथा के महात्म्य तथा शुकदेव-परीक्षित मिलन के भावपूर्ण प्रसंग का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को भक्ति, ज्ञान, संस्कार, सदाचार और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने वाला दिव्य ग्रंथ है। इसके श्रवण से मनुष्य के अंतर्मन में सकारात्मक विचारों का संचार होता है और जीवन को नई दिशा मिलती है।

व्यास जी ने शुकदेव जी और राजा परीक्षित के मिलन के प्रसंग का प्रभावशाली एवं सजीव चित्रण किया। कथा के दौरान श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। ओजस्वी प्रवचन के साथ प्रस्तुत सुमधुर भजनों ने कथा परिसर को भक्तिरस से भर दिया।

कथा के समापन पर सामूहिक आरती की गई और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण हुआ।

दूसरे दिन इन प्रसंगों का होगा वर्णन

मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि कथा के द्वितीय दिवस मंगलाचरण, शुकदेव जी के जन्म एवं पूजन तथा राजा परीक्षित के जन्म से जुड़े भक्तिमय एवं प्रेरणादायक प्रसंगों का वर्णन व्यास श्री दिनेश जी भारद्वाज करेंगे। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा में उपस्थित होकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया।

इस अवसर पर दयानंद सर्राफ, सीताराम सर्राफ, गोपाल सर्राफ, ओम सर्राफ, गिरधारी सर्राफ, पवन सर्राफ, भगवान सर्राफ, प्रदीप सर्राफ, संजय सर्राफ, दिलीप सर्राफ, संदीप सर्राफ, विक्की सर्राफ, विक्रांत सर्राफ, मनोज चौधरी, सज्जन पाड़िया, राजेंद्र अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कथा स्थल पर पूरे दिन भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण बना रहा।

भक्ति और आध्यात्मिकता से गूंजा महाराजा अग्रसेन भवन भक्ति और आध्यात्मिकता से गूंजा महाराजा अग्रसेन भवन Reviewed by PSA Live News on 4:14:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.