ब्लॉग खोजें

न्याय की पाठशाला में विद्यार्थियों ने सीखा समझौते से समाधान का मंत्र

"संदीप विश्वविद्यालय के विधि विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय लोक अदालत की कार्यवाही को करीब से देखा, न्यायिक प्रक्रिया की समझ को दिया नया आयाम"








संवाददाता- सुजीत कुमार मिश्र

    मधुबनी   । व्यावहारिक ज्ञान की ओर कदम बढ़ाते हुए संदीप विश्वविद्यालय के School of Law के बी.ए. एलएल.बी., बी.बी.ए. एलएल.बी. एवं एलएल.बी. के प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर मधुबनी जिला न्यायालय का शैक्षणिक भ्रमण किया।

     विश्वविद्यालय से फैकल्टी सदस्यों के साथ पहुँचे विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए गठित विभिन्न पीठों की प्रत्यक्ष कार्यवाही का अवलोकन किया। उन्होंने पक्षकारों के बीच सुलह, समझौता एवं आपसी सहमति के आधार पर मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया को नजदीक से समझा। कक्षा में पढ़े गए वैकल्पिक विवाद समाधान की अवधारणा को वास्तविक न्यायिक प्रक्रिया में देखकर विद्यार्थियों को कानून की व्यावहारिक भूमिका को समझने का महत्वपूर्ण अवसर मिला।

      इस अवसर पर श्री सचिन कुमार, एसीजेएम-सह-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, मधुबनी ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए NALSA एवं DLSA की संरचना और कार्यप्रणाली, विधिक सहायता तथा ‘न्याय को घर-द्वार तक पहुँचाने’ की अवधारणा पर प्रकाश डाला। उन्होंने पैरा-लीगल वॉलंटियर्स की भूमिका की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग तक विधिक सहायता पहुँचाने के महत्व से भी अवगत कराया।

     यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए महज न्यायालय दर्शन नहीं, बल्कि कानून की किताबों से निकलकर न्याय की वास्तविक प्रक्रिया को समझने का अनुभवात्मक अवसर बना। राष्ट्रीय लोक अदालत की कार्यवाही ने विद्यार्थियों को यह समझने में मदद की कि न्याय केवल विवाद का निर्णय करना नहीं, बल्कि संवाद, सहमति और सुलह के माध्यम से समाज में न्यायपूर्ण समाधान का मार्ग प्रशस्त करना भी है।

     School of Law की यह पहल व्यावहारिक विधिक शिक्षा, न्यायिक जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति विद्यार्थियों को तैयार करने की दिशा में एक सार्थक कदम रही।

न्याय की पाठशाला में विद्यार्थियों ने सीखा समझौते से समाधान का मंत्र न्याय की पाठशाला में विद्यार्थियों ने सीखा समझौते से समाधान का मंत्र Reviewed by PSA Live News on 8:49:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.