चिकित्सकों ने पर्याप्त आराम, नियमित उपचार और समय पर खान-पान की दी सख्त हिदायत
रांची। जेएलकेएम नेता एवं प्रमुख आंदोलनकारी देवेन्द्र नाथ महतो का सदर अस्पताल, रांची में दूसरे दिन भी चिकित्सकीय निगरानी में इलाज जारी है। स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उन्हें हुई बुखार, उल्टी और लगातार दस्त की समस्या नियंत्रण में है। हालांकि, लंबे समय तक चले आंदोलन, अनशन-धरना तथा हाल में 24 जिलों में आयोजित भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा के दौरान लगातार शारीरिक सक्रियता, पर्याप्त आराम का अभाव और समय पर खान-पान नहीं होने के कारण उनका शरीर काफी कमजोर हो गया है। चिकित्सकीय जांच में लिवर फंक्शन और पाचन तंत्र को पर्याप्त सपोर्ट की आवश्यकता बताई गई है।
डॉक्टरों ने स्पष्ट रूप से उन्हें फिलहाल पर्याप्त आराम करने, समय पर संतुलित खान-पान लेने और नियमित रूप से दवाएं एवं उपचार जारी रखने की सलाह दी है। चिकित्सकों का कहना है कि स्वास्थ्य में सुधार के लिए शरीर को पर्याप्त आराम और आवश्यक पोषण मिलना बेहद जरूरी है।
अस्पताल में उपचार के दौरान देवेन्द्र नाथ महतो ने अपने साथियों, शुभचिंतकों और झारखंड की जनता से उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए दुआ और आशीर्वाद बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि संघर्ष के दौरान साथियों और झारखंड की जनता से मिला प्यार, विश्वास और समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी हुई है। वहीं, चिकित्सकीय निगरानी में उपचार जारी रहने के कारण उम्मीद की जा रही है कि पर्याप्त आराम और नियमित उपचार से उनके स्वास्थ्य में जल्द सुधार होगा।
Reviewed by PSA Live News
on
8:12:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: