वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने किया पूजा पंडाल का उद्घाटन, 151 किलो लड्डू का लगा भोग; केंद्र से राज्य की बकाया राशि शीघ्र जारी करने की मांग
रांची। डोरंडा स्थित न्यू काली पूजा परिसर, काली मंदिर रोड में सोमवार को श्री गणेश पूजा समिति के 15वें वार्षिक गणेश महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। शाम पांच बजे आयोजित उद्घाटन समारोह में झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने पूजा पंडाल का उद्घाटन किया। इस दौरान पूरे परिसर में ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे गूंजते रहे और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
महोत्सव के लिए आकर्षक पूजा पंडाल तैयार किया गया है। भगवान श्री गणेश की प्रतिमा को नोटों की माला से सजाया गया है, जो श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। गणपति बप्पा को 151 किलोग्राम लड्डू का भोग अर्पित किया गया। पूजा-अर्चना के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
उद्घाटन समारोह में वीरेंद्र प्रधान, दीपू सिन्हा, आलोक दुबे, समिति के अध्यक्ष नवीन मल्होत्रा, महामंत्री अमित गुप्ता, कोषाध्यक्ष बाबू सोना दास, उपाध्यक्ष जयंत मजूमदार, संरक्षक रंथू उरांव सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
केंद्र सरकार को सद्बुद्धि देने का मांगा आशीर्वाद
पूजा-अर्चना के बाद समारोह को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने भगवान गणपति से केंद्र सरकार को सद्बुद्धि देने का आशीर्वाद मांगते हुए कहा कि राज्य सरकार की केंद्र के पास जो बकाया राशि है, उसका शीघ्र भुगतान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बकाया राशि मिलने से झारखंड के विकास कार्यों को और गति मिलेगी तथा राज्य के विकास में इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
18 सितंबर तक चलेगा महोत्सव
श्री गणेश पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय गणेश महोत्सव 18 सितंबर तक चलेगा। समिति की ओर से धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक, सामाजिक एवं जनभागीदारी वाले कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आयोजकों के अनुसार महोत्सव का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक एकता को मजबूत करना है।
15 सितंबर : भोग वितरण व सांस्कृतिक कार्यक्रम
15 सितंबर को दोपहर एक बजे श्रद्धालुओं के बीच भोग का वितरण किया जाएगा। शाम छह बजे से विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें बच्चों सहित श्रद्धालु भाग लेंगे।
16 सितंबर : विशाल भंडारा और डांडिया
16 सितंबर को दोपहर एक बजे विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद शाम छह बजे से डांडिया कार्यक्रम होगा। समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
17 सितंबर : स्वास्थ्य जांच शिविर और डांस प्रतियोगिता
17 सितंबर को सुबह 11 बजे से पूजा पंडाल परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा। इसी दिन शाम चार बजे से 5 से 15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए डांस प्रतियोगिता आयोजित होगी। प्रतियोगिता में झारखंड-बॉलीवुड के सुपरस्टार विवेक नायक मुख्य अतिथि एवं निर्णायक के रूप में मौजूद रहेंगे।
18 सितंबर को निकलेगी भव्य विसर्जन शोभायात्रा
पांच दिवसीय गणेश महोत्सव का समापन 18 सितंबर को होगा। इस अवसर पर दोपहर तीन बजे भगवान गणेश की भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी। समिति के अनुसार शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
गणेश महोत्सव को लेकर डोरंडा और आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। पूजा समिति के पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में सभी कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की है।
Reviewed by PSA Live News
on
8:20:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: