रांची। राँची के हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन के प्रथम तल पर श्री जीण माता प्रचार समिति, राँची के तत्वावधान में आद्यशक्ति श्री जीण माता जी के भव्य मंगल पाठ अनुष्ठान का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस धार्मिक कार्यक्रम का शुभारंभ संध्या 4:00 बजे माता रानी की पवित्र एवं दिव्य ज्योत प्रज्वलित करके किया गया, जिसके उपरांत पूरा परिसर 'जय जीण माता' के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने माता के अलौकिक दरबार में हाजिरी लगाकर आशीर्वाद प्राप्त किया और अपने परिवार की सुख-समृद्धि व शांति की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान मारवाड़ी समाज की महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सज-धज कर पूरे भक्तिभाव के साथ मंगल पाठ में भाग लिया। इस अनुष्ठान में पाठ का सस्वर वाचन प्रसिद्ध पाठ वाचिका श्रीमती नूतन शर्मा एवं उनकी टीम द्वारा किया गया। नूतन शर्मा द्वारा प्रस्तुत जीण माता जी के जीवन चरित्र, महिमा एवं संगीतमय भजनों की सुमधुर धुनों पर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमने पर मजबूर हो गए। पूरे आयोजन के दौरान मारवाड़ी भवन का माहौल पूरी तरह से भक्तिमय बना रहा और श्रद्धालु भजनों पर तालियाँ बजाकर व नृत्य कर अपनी आस्था प्रकट करते नज़र आए।
इस भव्य आयोजन को सुचारू और सफल बनाने में श्री जीण माता प्रचार समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का विशेष और सराहनीय योगदान रहा। इसमें मुख्य रूप से समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश अग्रवाल, उपाध्यक्ष विजय पालड़ीवाल, सचिव नारायण विजयवर्गीय, कोषाध्यक्ष बजरंग सोमानी, सह सचिव प्रदीप शर्मा तथा संदीप अग्रवाल, संदीप शर्मा, विनोद अग्रवाल, संदीप विजयवर्गीय, शिव शर्मा, रमेश सोमानी, कविता, सुनीता, रितु, सविता, निधि, ऊषा, मीनू, ज्योति, सरिता और नीरा सहित अनेक सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। धार्मिक अनुष्ठान के समापन पर माता जी की महाआरती उतारी गई और उपस्थित सभी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
Reviewed by PSA Live News
on
4:44:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: