ब्लॉग खोजें

राँची के हरमू रोड स्थित ब्रह्माकुमारीज़ केंद्र में "नशा मुक्त युवा–विकसित भारत" अभियान के तहत 'SUKHAM 100' कार्यक्रम आयोजित, युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ



रांची। 
युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय (भारत सरकार) एवं प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के मेडिकल विंग राजयोग फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 'मेरा भारत झारखंड' द्वारा राँची के हरमू रोड स्थित ब्रह्माकुमारी केंद्र (चौधरी बगान) में “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत” 100 रविवार संकल्प अभियान के अंतर्गत “SUKHAM 100” (मेडिटेशन, फिटनेस एवं हेल्थ) कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नशामुक्ति, उत्तम स्वास्थ्य तथा सकारात्मक एवं अनुशासित जीवनशैली के प्रति जागरूकता फैलाना था। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित युवाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी का अहसास कराया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए 'मेरा भारत झारखंड' की राज्य निदेशक ललिता कुमारी ने कहा कि आज के समय में युवाओं को नशा मुक्त बनाना बेहद आवश्यक है और इसके लिए ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा सिखाया जाने वाला राजयोग का अभ्यास अत्यंत कारगर सिद्ध होता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब देश का युवा नशे से पूरी तरह मुक्त होगा, तभी भारत एक विकसित राष्ट्र बनेगा और पुनः विश्वगुरु के पद पर आसीन हो सकेगा। वहीं 'मेरा भारत' के यश आइकॉन गौरव अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थियों का उज्ज्वल भविष्य केवल शिक्षा पर ही नहीं, बल्कि उत्तम संस्कारों और स्वस्थ जीवनशैली पर निर्भर करता है। इसके साथ ही संस्था के लेखा अधिकारी चार्ल्स बोदरा ने युवाओं को समाज और देश के प्रति उनकी जिम्मेदारियों का स्मरण कराते हुए त्याग, स्वच्छता और चरित्र निर्माण के महत्व पर प्रकाश डाला।

केंद्र संचालिका ब्रह्माकुमारी निर्मला बहन ने अपने आध्यात्मिक संदेश में कहा कि परमात्मा ने हमें बिना किसी भेदभाव के यह अनमोल शरीर रूपी गाड़ी प्रदान की है, जिसकी कीमत वैज्ञानिकों ने कम से कम 220 करोड़ रुपये आंकी है। दुर्भाग्यवश, कई युवा ईश्वर के इस अनमोल उपहार का धन्यवाद करने के बजाय नशे का सेवन कर इसे कचरे का डिब्बा बना देते हैं। उन्होंने युवाओं से अपने चरित्र को श्रेष्ठ बनाने की अपील करते हुए कहा कि आज समाज में व्याप्त तमाम समस्याओं और महंगाई का मुख्य कारण चरित्र का पतन है। यदि युवा सजग होकर अपने संस्कारों को सुदृढ़ कर लें, तो एक खुशहाल और समृद्ध समाज की स्थापना स्वतः हो जाएगी।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में ब्रह्माकुमारीज़ केंद्र में उपस्थित सभी युवाओं ने कभी नशा न करने और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की गंभीर शपथ ली। इसके पश्चात सभी प्रतिभागियों को मन की एकाग्रता और आंतरिक शांति के लिए राजयोग मेडिटेशन का गहन अभ्यास कराया गया तथा संस्था की ओर से सभी को ईश्वरीय सौगात भेंट कर सम्मानित किया गया।

राँची के हरमू रोड स्थित ब्रह्माकुमारीज़ केंद्र में "नशा मुक्त युवा–विकसित भारत" अभियान के तहत 'SUKHAM 100' कार्यक्रम आयोजित, युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ राँची के हरमू रोड स्थित ब्रह्माकुमारीज़ केंद्र में "नशा मुक्त युवा–विकसित भारत" अभियान के तहत 'SUKHAM 100' कार्यक्रम आयोजित, युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ Reviewed by PSA Live News on 4:31:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.