तिलहन प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के लिए सरकार देगी 9.90 लाख रुपये तक अनुदान, 15 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन
मधुबनी। जिले में तिलहन प्रसंस्करण और तेल उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए कृषि विभाग ने तेल मिल स्थापना की योजना शुरू की है। राष्ट्रीय खाद्य तेल-तिलहन मिशन के तहत मधुबनी जिले को फिलहाल एक तेल प्रसंस्करण इकाई की स्थापना का लक्ष्य मिला है। योजना का लाभ लेने के इच्छुक पात्र आवेदक 15 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
योजना का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर तिलहन का प्रसंस्करण कर उसका मूल्य संवर्धन, रोजगार के अवसरों का सृजन और किसानों की आय में वृद्धि करना है। इससे जिले में उत्पादित तिलहन को बाजार उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर तेल उत्पादन को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
9.90 लाख रुपये तक मिलेगा अनुदान
योजना के तहत 10 टन क्षमता वाली तेल प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने पर परियोजना लागत का 33 प्रतिशत अथवा अधिकतम 9.90 लाख रुपये, जो भी कम हो, अनुदान के रूप में दिया जाएगा। हालांकि, भूमि की खरीद तथा भवन या शेड के निर्माण पर होने वाला खर्च अनुदान की गणना में शामिल नहीं किया जाएगा।
इन संस्थाओं को आवेदन का अवसर
योजना के लिए सरकारी अथवा निजी उद्योग, कृषक उत्पादक संगठन (एफपीओ/वीसीपी), तिलहन प्रसंस्करण से जुड़े पंजीकृत स्टार्टअप और सहकारी समितियां आवेदन कर सकती हैं। आवेदन के साथ परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट (डीपीआर), आधार कार्ड, बैंक संबंधी विवरण, बैंक ऋण स्वीकृति अथवा सहमति पत्र तथा संस्था का पंजीकरण प्रमाण-पत्र जैसे दस्तावेज आवश्यक होंगे।
एक इकाई के लक्ष्य से बढ़ी प्रतिस्पर्धा
जिला कृषि पदाधिकारी सुदामा ठाकुर ने बताया कि मधुबनी जिले के लिए फिलहाल एक तेल मिल स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने योजना का लाभ लेने के इच्छुक पात्र आवेदकों से अधिक से अधिक संख्या में आवेदन करने की अपील की है, ताकि निर्धारित मानकों के अनुसार योग्य लाभुक का चयन कर योजना का लाभ दिया जा सके।
कहां करें आवेदन
इच्छुक एवं पात्र आवेदक कृषि विभाग के आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल अथवा बिहार कृषि ऐप के माध्यम से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं। योजना से जुड़ी पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और अन्य शर्तों की जानकारी आवेदन से पहले संबंधित पोर्टल पर जांच लेना उचित होगा।
Reviewed by PSA Live News
on
8:44:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: