न्यूज़ ऑफ इंडिया ( न्यूज एजेंसी )
लखनऊ। प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र द्वारा आज जेल रोड स्थित ईको गार्डेन में वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान वहां उपस्थित जन-समुदाय को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ये जो हम लोग वृक्षारोपण कर रहे हैं, ये अपने लिए नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों एवं सभी प्राणियों के लिए है। आज 25 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य है। आज पूरे प्रदेश में वृक्षारोपण बड़ी तेजी के साथ हो रहा है। जो उतनी ही तेजी से ऑक्सीजन पैदा कर रहा है।
मिश्र ने कहा कि कोविड-19 की दूसरी लहर में लोग ऑक्सीजन की कमी के कारण तड़प रहे थे। यदि ऑक्सीजन हमारे वातावरण में कम हो जाय तो हर प्राणी के ऊपर बुरा प्रभाव पड़ेगा। ऑक्सीजन के लिए कई प्लांट लगाये गये हैं, किन्तु वृक्षारोपण से हम कई गुना ऑक्सीजन पैदा कर सकते हैं। पेड़ लगाने से न केवल ऑक्सीजन पैदा होती है बल्कि जो हरा-भरा पेड़ है ये पेड़ प्रकृति का इतना सुन्दर सुनहरा ये उसका आवरण है, हमारी धरती मां को इतना खूबसूरत कर देता है। उन्होंने कहा कि पेड़ एक सजीव प्राणी है, आप कितनी भी तकलीफ में हो एक पेड़ की छाया में बैठ जाइए तो ये सारी परेशानियां दूर कर देता है। पेड़ वो महसूस करता है, जो आप महसूस करते हैं। हमारे सभी देवी-देवताओं के साथ एक पेड़ अवश्य ही जुड़ा है। हमारे वटवृक्ष में ब्रह्मा, विष्णु, महेश सहित सभी देवी-देवता निवास करते हैं।
मुख्य सचिव ने बताया कि हमने पिछले 05 वर्ष में 100 करोड़ से ज्यादा पेड़ लगाये हैं। मुख्यमंत्री ने संकल्प लिया है कि हम अगले 05 वर्ष में 150 करोड़ से ज्यादा पेड़ लगाएंगे। इस वर्ष 35 करोड़ पेड़ लगाये जाने का लक्ष्य निर्धारित है जिसको पूरा करने के लिये अभियान को जन आंदोलन का रूप दिया गया है। पेड़ लगाने के लिए कई तैयारियां करनी पड़ती है। वन, उद्यान एवं ग्राम्य विकास विभाग एवं सभी विभागों ने मिलकर इसकी तैयारी की। लोग अपने घरों में तुलसी, औषधीय एवं फूल-पत्ते वाले पौधे लगाएं। आज हमारे मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री एवं सभी मंत्री, सभी विधायकगण एवं जन-प्रतिनिधि के साथ-साथ प्रदेश की जनता भी वृक्षारोपण कर रहे हैं। यही वृक्षारोपण हमारे प्रदेश को ऊर्जा देगी। आने वाले समय में सशक्त भारत होगा। जिस संकल्पना को आदरणीय प्रधानमंत्री ने किया था उसको हमारे देश का प्रत्येक नागरिक पूरा कर रहा है।
इस अवसर पर एडिशनल मिशन डायरेक्टर वृक्षारोपण जन आंदोलन प्रभाकर, जिलाधिकारी लखनऊ सूर्यपाल गंगवार, लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष इन्द्रमणि त्रिपाठी समेत वरिष्ठ नागरिकगण समेत स्कूली बच्चे आदि उपस्थित रहे।
Reviewed by PSA Live News
on
12:17:00 am
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: