अमित शाह ने जारी किया भाजपा का संकल्प पत्र, अगर हिम्मत है तो इसका जवाब झारखंड की जनता दीजिए, सहारा के सभी वैध निवेशकों की पाई-पाई राशि हम वापस कराएंगे
रांची । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आगामी झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का संकल्प पत्र जारी किया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "हेमंत सोरेन पीएम मोदी से 1 लाख करोड़ का हिसाब मांग रहे थे। मैं हिसाब लेकर आया हूं, अगर हिम्मत है तो इसका जवाब झारखंड की जनता दीजिए। जिस कांग्रेस और लालू प्रसाद की गोदी में आप बैठे हैं उनकी UPA सरकार ने 2004 से 2014 तक झारखंड को 10 साल में 84 हजार करोड़ देने का काम किया था। पीएम मोदी ने 2014 से 2024 के बीच में 3 लाख 8 हजार करोड़ रुपया झारखंड देने का काम किया।"
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि झारखंड में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू होकर रहेगी। लेकिन, इससे आदिवासी किसी भी तरह से प्रभावित नहीं होंगे।उनके कानून, उनकी परंपराएं और उनकी संस्कृति पूर्ववत रहेंगी। उन्होंने कहा कि यूसीसी से आदिवासियों को बाहर रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण और आदिवासियों की आबादी को संरक्षित करने के लिए यूसीसी जरूरी है। झारखंड में हम इसे जरूर लागू करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ये बातें रविवार को झारखंड की राजधानी रांची में भारतीय जनता पार्टी का संकल्प पत्र जारी करने के बाद कहीं। अमित शाह ने कहा कि हेमंत सोरेन और उनके सहयोगी दलों के नेता यूसीसी के बारे में दुष्प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा और उसके सहयोगी दल लोगों को यह बता रहे हैं कि भाजपा की सरकार बनेगी, तो यहां यूसीसी लागू हो जाएगा। यूसीसी आने पर आदिवासियों की सभ्यता और संस्कृति खतरे में पड़ जाएगी। अमित शाह ने कहा कि हेमंत सोरेन और उनके साथियों का यह कहना गलत है। उन्होंने कहा कि यह तो सच है कि भाजपा की सरकार झारखंड में यूसीसी लागू करेगी। लेकिन, यह सच नहीं है कि इससे आदिवासियों पर कोई प्रभाव पड़ेगा। हम यूसीसी से आदिवासियों को बाहर रखेंगे। उनकी संस्कृति, उनकी परंपराओं पर इसका कोई असर नहीं होगा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज रांची में सहारा के निवेशकों के लिए बड़ी घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा है कि झारखंड में BJP की सरकार बनने पर सहारा के सभी वैध निवेशकों की पाई-पाई राशि हम वापस कराएंगे।

कोई टिप्पणी नहीं: