मारवाड़ी युवा मंच, झारखंड प्रांत के नए अध्यक्ष बने विशाल पाडिया, मंडल उपाध्यक्ष -1 पद पर आसीन हुए आशीष अग्रवाल
जमशेदपुर। मारवाड़ी युवा मंच, झारखंड प्रांत के प्रांतीय चुनाव आज जमशेदपुर में संपन्न हुए। इस चुनाव में विशाल पाडिया को प्रांत अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित किया गया, जबकि आशीष अग्रवाल को मंडल उपाध्यक्ष - 1 के रूप में चुना गया।
प्रांत अध्यक्ष पद के लिए दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक मतदान हुआ, जिसमें मंच के सदस्यों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। इस पद के लिए कुल 4 प्रत्याशी मैदान में थे, जिनमें विशाल पाडिया को 87 मतों से विजय मिली। वहीं, मंडल उपाध्यक्ष - 1 पद के लिए कोई अन्य उम्मीदवार न होने के कारण आशीष अग्रवाल निर्विरोध चुने गए।
नवनिर्वाचित प्रांत अध्यक्ष विशाल पाडिया ने अपने संबोधन में कहा, "मारवाड़ी युवा मंच के उद्देश्यों को और आगे बढ़ाने के लिए मैं संकल्पित हूं। हम समाजसेवा, युवा सशक्तिकरण और संगठन की मजबूती के लिए कार्य करते रहेंगे।"
वहीं, मंडल उपाध्यक्ष - 1 आशीष अग्रवाल ने कहा, "मुझे जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे मैं पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाऊंगा। संगठन की एकता और विकास के लिए हम सभी मिलकर कार्य करेंगे।"
मारवाड़ी युवा मंच, झारखंड प्रांत के इस चुनाव में सभी सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत नए नेतृत्व का चयन किया। मंच के सभी सदस्यों ने विजेताओं को बधाई दी और उनके नेतृत्व में संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की आशा व्यक्त की।
उक्त जानकारी युवा मंच के प्रवक्ता राघव जालान ने दी।

कोई टिप्पणी नहीं: