ब्लॉग खोजें

रांची में 25 अप्रैल से तीन दिवसीय महान कीर्तन दरबार का आयोजन, नगर कीर्तन के साथ होगा भव्य शुभारंभ

एक हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद, महिलाओं से केसरी दुपट्टा और पुरुषों से सफेद कुर्ता-पायजामा पहनने की अपील


रांची।
गुरु नानक सेवक जत्था द्वारा आयोजित तीन दिवसीय नौवां महान कीर्तन दरबार 25 अप्रैल से 27 अप्रैल तक भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में जत्था के सदस्यों ने गुरुद्वारा साहिब में वाहेगुरु का जाप करते हुए साफ-सफाई की सेवा शुरू कर दी है। सोमवार रात 8 से 10 बजे तक गुरुद्वारा परिसर में जाप और सेवा के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया गया।

जत्था के सदस्य पीयूष मिढ़ा एवं करण अरोड़ा ने जानकारी दी कि समागम की शुरुआत 25 अप्रैल की सुबह 4:45 बजे भव्य नगर कीर्तन के साथ होगी, जो कृष्णा नगर कॉलोनी के विभिन्न चौक-चौराहों से होते हुए निकलेगा। नगर कीर्तन की अगुवाई पांच प्यारों और पांच निशानचियों द्वारा की जाएगी। पुष्प सजे रथ पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को विराजमान किया जाएगा और विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालु नगर कीर्तन का स्वागत करेंगे।

नगर कीर्तन में स्त्री सत्संग सभा और माता गुजरी जत्था की महिला श्रद्धालुएं रास्ते में जल छिड़काव करेंगी, झाड़ू लगाकर मार्ग की सफाई करेंगी और पुष्प वर्षा भी की जाएगी। नगर कीर्तन का समापन सुबह 7:30 बजे होगा।

समागम के तहत दो विशेष दीवान भी आयोजित किए जाएंगे — पहला दीवान 26 अप्रैल, शनिवार को रात 8:00 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरा दीवान 27 अप्रैल, रविवार को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक आयोजित होगा। दोनों दीवानों में प्रसिद्ध कीर्तनी जत्था भाई जसपाल सिंह जी (दिल्ली) साध संगत को शबद कीर्तन से निहाल करेंगे। कार्यक्रम के समापन पर गुरु का अटूट लंगर वितरित किया जाएगा।

गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा के सचिव अर्जुन देव मिढ़ा ने बताया कि दीवान में स्त्री सत्संग सभा, हजूरी रागी जत्था भाई महिपाल सिंह जी तथा मुख्य ग्रंथी ज्ञानी जिवेंदर सिंह जी द्वारा शबद गायन और कथा वाचन होगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण पवनजीत सिंह खत्री द्वारा ‘मेरे साहेब’ यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा और नगर कीर्तन की ड्रोन से रिकॉर्डिंग भी कराई जाएगी।

जत्था ने सभी महिला श्रद्धालुओं से सफेद सलवार सूट और केसरी दुपट्टा तथा पुरुष श्रद्धालुओं से सफेद कुर्ता-पायजामा पहनकर शामिल होने की अपील की है।

इस पावन अवसर पर 27 अप्रैल, रविवार को गुरुद्वारा साहिब के बेसमेंट में सुबह 11:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। जत्था के सूरज झंडई ने रक्तदान शिविर को मानवता की सेवा बताते हुए अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता की अपील की है।

रांची में 25 अप्रैल से तीन दिवसीय महान कीर्तन दरबार का आयोजन, नगर कीर्तन के साथ होगा भव्य शुभारंभ रांची में 25 अप्रैल से तीन दिवसीय महान कीर्तन दरबार का आयोजन, नगर कीर्तन के साथ होगा भव्य शुभारंभ Reviewed by PSA Live News on 2:07:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.