अक्षय तृतीया पर दिव्यदेशम् श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर में भव्य उद्यास्तमन सेवा एवं महाभिषेक सम्पन्न
रांची। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर दिव्यदेशम् श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर (तिरुपति बालाजी) मंदिर में वैशाख शुक्ला तृतीया तिथि का पर्व बड़े धूमधाम और वैदिक विधियों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्रीनिवास भगवान, श्रीदेवी, श्रीभूमिदेवी, उत्सव विग्रह, भोग विग्रह, श्रीपति (शालीग्राम) भगवान और चक्रराज सुदर्शन का क्रमशः दूध, दधि, हरिद्राचूर्ण, चंदन, शहद, गंगाजल, केसर और डाभयुक्त जल से महाभिषेक कराया गया।
इसके उपरांत भगवान श्रीमन्नारायण दंपति का भव्य पुष्प श्रृंगार कर, वस्त्राभूषणों से अलंकृत किया गया। श्रद्धालुओं के बीच दिव्य भावनाओं का संचार करते हुए भगवान की नक्षत्र आरती, कुम्भ आरती और कर्पूर महाआरती संपन्न हुई। वातावरण दीपों की आभा और भक्ति-भाव से आलोकित हो उठा।
आरती के बाद देशिक स्तोत्र, उपनिषद एवं वेदसम्मत स्तुतियों द्वारा भगवान का स्तवन किया गया। प्रसाद स्वरूप सूजी का हलवा, आलू पकोड़ा, फल व मेवा का भोग अर्पित किया गया। तत्पश्चात शातुमोरा, पल्लाण्डु, गुरुपरंपरा तदियाराधन के साथ तीर्थ, शठारी वितरण और भव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया।
मंदिर परिसर श्रद्धालु भक्तों से खचाखच भरा रहा। जयकारों और मंगल ध्वनियों से पूरा वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने सहस्रनाम, कुंकुम अर्चना, पुष्प अर्चना और श्रीसूक्त पारायण जैसे अनुष्ठानों में भाग लेकर पुण्य अर्जित किया।
इस अवसर पर महाभिषेक एवं उद्यास्तमन सेवा के यजमान रांची निवासी श्री पुलक सिंघानिया एवं उनकी धर्मपत्नी आयुषी सिंघानिया रहे। दिनभर के भोग का संकल्प डॉ. सुभाष एवं सुरभि पोद्दार (रांची) द्वारा तथा एक-एक समय के भोग नीलोत्पल मजूमदार (बेंगलुरु) एवं रंगाचरण (आंध्र प्रदेश) द्वारा अर्पित किए गए।
दिनभर के सभी अनुष्ठानों का सफल संचालन अर्चक श्री सत्यनारायण गौतम और श्री गोपेश आचार्य द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से श्री राम अवतार नरसरिया, अनूप अग्रवाल, प्रदीप नरसरिया, गौरी शंकर साबू, रंजन सिंह, सुशील लोहिया, प्रभास मित्तल, सुशील गरोडिया, ओम प्रकाश गरोडिया सहित हजारों श्रद्धालु भक्त उपस्थित रहे और भक्ति सागर में अवगाहन कर पुण्य अर्जन किया।
Reviewed by PSA Live News
on
8:51:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: