पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने किया उद्घाटन, कहा – दलमा में बनेगा ग्लास ब्रिज, ईको टूरिज्म को मिलेगा नया आयाम
जमशेदपुर, 19 मई: हिंदुस्तान के औद्योगिक शहर जमशेदपुर को अब पर्यटन के वैश्विक नक्शे पर लाने की दिशा में अबुआ सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। आज झारखंड सरकार के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के माननीय मंत्री श्री सुदिव्य कुमार ने शहर के साकची क्षेत्र में नव-निर्मित रेडिशन ब्लू होटल का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर जमशेदपुर के व्यापारिक जगत, प्रशासनिक अधिकारी, होटल इंडस्ट्री के प्रतिनिधि और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मंत्री सुदिव्य कुमार ने उद्घाटन अवसर पर कहा, “रेडिशन ब्लू जैसे अंतरराष्ट्रीय ब्रांड का झारखंड में आगमन यह दर्शाता है कि राज्य अब निवेश और पर्यटन दोनों के लिए तैयार है। यह होटल जमशेदपुर को न केवल आधुनिक सुविधाएं देगा, बल्कि यहां आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों, कॉर्पोरेट जगत के प्रतिनिधियों और खिलाड़ियों को वैश्विक स्तर की सेवाएं प्रदान करेगा।”
दलमा को बनेगा इको-टूरिज्म हब: मंत्री ने किया निरीक्षण
होटल उद्घाटन के बाद मंत्री श्री कुमार ने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दलमा वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी का भी दौरा किया। उन्होंने कहा कि अबुआ सरकार दलमा क्षेत्र को झारखंड के सबसे प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने को लेकर संकल्पित है। उन्होंने ऐलान किया कि आने वाले समय में दलमा में कई बड़े पर्यटक आकर्षण विकसित किए जाएंगे, जिनमें प्रमुख होगा – ग्लास ब्रिज का निर्माण।
“दलमा की ऊँचाइयों से गुजरता कांच का पुल (ग्लास ब्रिज) पर्यटकों को रोमांच और प्रकृति दोनों का अनोखा संगम प्रदान करेगा। साथ ही हम वहां ईको कॉटेज, ट्रैकिंग मार्ग, रात्रि विश्राम की सुविधाएं, बेहतर सड़क और सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित करेंगे,” – मंत्री ने कहा।
स्थानीय रोजगार और अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
सरकार की यह पहल न केवल झारखंड के पर्यटन मानचित्र को मजबूत करेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी प्रदान करेगी। होटल उद्योग, गाइड सेवा, स्थानीय हस्तशिल्प और लोकसंस्कृति को भी इसका लाभ मिलेगा।
मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि पर्यटन को केवल सैर-सपाटे तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे स्थानीय संस्कृति, जैव विविधता संरक्षण और आर्थिक उत्थान के साथ जोड़ा जाएगा।
पर्यटन के सहारे आत्मनिर्भर झारखंड का सपना
झारखंड सरकार की ‘अबुआ सरकार, अबुआ योजना’ के तहत पर्यटन को राज्य के आत्मनिर्भरता अभियान का अहम स्तंभ माना गया है। आने वाले महीनों में रजरप्पा, नेतरहाट, बेतला, और पारसनाथ जैसे अन्य स्थलों पर भी इसी तरह के बुनियादी ढांचे और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
रेडिशन ब्लू होटल के शुभारंभ के साथ ही दलमा क्षेत्र को नया जीवन देने की जो योजना प्रस्तुत की गई है, वह झारखंड को न केवल देश में, बल्कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटन के नक्शे पर भी एक सशक्त पहचान दिलाने का आधार बन सकती है।

कोई टिप्पणी नहीं: