रांची। पाकिस्तान के खिलाफ हिंदुस्तान द्वारा चलाए गए सैन्य अभियान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के समर्थन में राजधानी रांची के धुर्वा क्षेत्र में शनिवार को एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। देशभक्ति से ओतप्रोत इस यात्रा में युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित बड़ी संख्या में देशप्रेमियों ने भाग लिया।
तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों और ओजस्वी नारों ने पूरे क्षेत्र को जोश और राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। ‘वंदे मातरम्’, ‘भारत माता की जय’ और ‘जय हिंद’ के गगनभेदी उद्घोष से वातावरण गूंज उठा। लोगों ने तिरंगा हाथ में लेकर धुर्वा की सड़कों पर मार्च किया, जिससे आम नागरिकों में भी उत्साह और गौरव की भावना जागृत हुई।
इस तिरंगा यात्रा का नेतृत्व सामाजिक कार्यकर्ता लाल कुणाल नाथ शाहदेव कर रहे थे। उनके साथ प्रमुख रूप से बबलू प्रसाद, अभय झा, मालती सिंह, नीलम उपाध्याय, मीनू प्रसाद, विनीता कुमारी, बबलू सिंह, रंजीत राम, विशाल नायक, राका शाहदेव, निखिल सिंहदेव, संजय राम, साहिल प्रताप और आकाश जैसे समर्पित देशभक्तों की उपस्थिति रही। सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता, सैन्य बलों के सम्मान और पाकिस्तान के विरुद्ध दृढ़ नीति का समर्थन करते हुए अपनी भावना प्रकट की।
यात्रा के अंत में वक्ताओं ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर हिंदुस्तान की रक्षा नीति में एक निर्णायक मोड़ है, जिससे दुनिया को यह संदेश गया है कि अब भारत चुप नहीं बैठेगा। उन्होंने सेना के पराक्रम और सरकार के निर्णायक कदम की सराहना की और कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा में हम सभी एकजुट हैं।
स्थानीय नागरिकों ने भी इस यात्रा का स्वागत किया और इसे एक प्रेरणादायक पहल बताया। यात्रा के सफल आयोजन को लेकर स्थानीय प्रशासन की ओर से भी शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की गई थी।

कोई टिप्पणी नहीं: