मज़दूर मजबूर नहीं, मज़बूत है — सुखदेव भगत
जमशेदपुर। अंतर्राष्ट्रीय मज़दूर दिवस के अवसर पर शुक्रवार को झारखंड प्रदेश इंटक (भारतीय राष्ट्रीय श्रमिक कांग्रेस) द्वारा जमशेदपुर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद और पूर्व मंत्री श्री सुखदेव भगत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री भगत ने सभी मज़दूर साथियों को बधाई देते हुए कहा, "मज़दूर मजबूर नहीं, मज़बूत है। यह वही वर्ग है जो राष्ट्र निर्माण की बुनियाद रखता है। देश के विकास की असली रीढ़ श्रम शक्ति ही है।" उन्होंने कहा कि मज़दूरों के अधिकारों की रक्षा करना हम सबकी जिम्मेदारी है और सरकार को चाहिए कि वह मज़दूर हितैषी नीतियों को प्राथमिकता दे।
इस अवसर पर झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री श्री बन्ना गुप्ता ने भी अपने संबोधन में कहा कि मज़दूरों के बिना औद्योगिक विकास की कल्पना अधूरी है। उन्होंने मजदूरों के लिए सामाजिक सुरक्षा, उचित वेतन और स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में इंटक झारखंड प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश्वर पांडे ने कहा कि इंटक सदैव मजदूरों के हित में संघर्षरत रहा है और भविष्य में भी श्रमिक वर्ग की आवाज़ को बुलंद करता रहेगा। उन्होंने सरकार से अपील की कि असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के लिए पेंशन और बीमा योजनाओं का दायरा बढ़ाया जाए।
इस मौके पर इंटक के वरिष्ठ नेता अशोक चौधरी, रामाश्रय बाबू, विजय खान, लोहरदगा जिला इंटक अध्यक्ष आलोक कुमार साहू सहित बड़ी संख्या में इंटक कार्यकर्ता, श्रमिक प्रतिनिधि और आम नागरिक उपस्थित थे।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी हुईं, जिनमें मजदूर वर्ग की संघर्षगाथा और उनके योगदान को रेखांकित किया गया।
Reviewed by PSA Live News
on
9:37:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: