ब्लॉग खोजें

11वाँ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस : बिरसा मुंडा फन पार्क में हुआ भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम, "एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य" थीम पर हजारों योग प्रेमियों ने लिया भाग



रांची।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा फन पार्क में शनिवार को एक भव्य और प्रेरणादायी सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” रही, जो समग्र स्वास्थ्य और वैश्विक समरसता की भावना को दर्शाती है।

कार्यक्रम में झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया और स्वयं योग अभ्यास कर उपस्थित जनसमूह को योग के महत्व और लाभों के प्रति जागरूक किया।

"स्वस्थ झारखंड" के लिए योग है पहला कदम – डॉ. इरफान अंसारी

स्वास्थ्य मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि, “मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन का सपना है कि झारखंड एक स्वस्थ, सशक्त और समृद्ध राज्य बने। योग उस लक्ष्य की ओर हमारा पहला और अहम कदम है। योग केवल व्यायाम नहीं, यह जीवन को बदलने वाली भारतीय विद्या है, जो अनुशासन, ऊर्जा, मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन प्रदान करती है।”

उन्होंने आगे कहा कि यदि हर नागरिक प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकाले, तो न केवल उसका जीवन, बल्कि समाज और राज्य भी स्वस्थ और उन्नत बन सकता है।

योग हमारी प्राचीन परंपरा, नई पीढ़ी तक पहुँचाना आवश्यक – स्वास्थ्य मंत्री

डॉ. अंसारी ने यह भी बताया कि योग हमारी सांस्कृतिक विरासत का एक अभिन्न हिस्सा है, जिसे अगली पीढ़ी तक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि रांची के पूर्वी जेल रोड स्थित राज्य स्तरीय योग केंद्र में आम लोगों को निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

राज्य सरकार की पहल पर कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को विद्यालयों में नियमित योग सत्रों के माध्यम से प्रशिक्षित किया जा रहा है। झारखंड के 745 “आयुष्मान आरोग्य मंदिरों” में लगभग 1000 प्रशिक्षित योग प्रशिक्षक कार्यरत हैं। इनमें पुरुष प्रशिक्षक प्रति माह औसतन 32 सत्र और महिला प्रशिक्षक 20 योग सत्र आयोजित कर रहे हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि रांची और पूर्वी सिंहभूम में 50 बिस्तरों वाले आधुनिक धन्वंतरि आयुष अस्पतालों का निर्माण प्रगति पर है। इसके साथ ही, 10 चलंत आयुष अस्पताल, पंचकर्म केंद्र और आदिवासी बहुल क्षेत्रों में विशेष स्वास्थ्य शिविर भी शुरू किए जा रहे हैं।

“योग दिवस आज एक वैश्विक उत्सव बन चुका है” – विधायक सी. पी. सिंह

कार्यक्रम में उपस्थित रांची विधायक श्री सी. पी. सिंह ने कहा कि “योग दिवस आज केवल एक राष्ट्रीय दिवस नहीं, बल्कि वैश्विक उत्सव बन चुका है। यह न केवल हमारे देश की सांस्कृतिक ताकत का प्रतीक है, बल्कि दुनिया को स्वास्थ्य और संतुलन का संदेश देने का माध्यम भी है। झारखंड सरकार द्वारा इस दिशा में किए जा रहे प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं। हर नागरिक को योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।”

वरिष्ठ अधिकारियों की भी रही गरिमामयी उपस्थिति

इस भव्य योग कार्यक्रम में झारखंड स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही। इनमें स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अजय कुमार, अभियान निदेशक श्री शशि प्रकाश झा, निदेशक प्रमुख स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. डी. के. शाही, और आयुष निदेशक श्रीमती सीमा कुमारी उदयपुरी प्रमुख रूप से शामिल रहे।

कार्यक्रम में हजारों की संख्या में योग प्रेमियों, जनप्रतिनिधियों, स्कूली बच्चों, स्वयंसेवी संगठनों और सरकारी अधिकारियों ने भाग लेकर “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” के संदेश को साकार रूप दिया।

11वाँ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस : बिरसा मुंडा फन पार्क में हुआ भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम, "एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य" थीम पर हजारों योग प्रेमियों ने लिया भाग 11वाँ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस : बिरसा मुंडा फन पार्क में हुआ भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम, "एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य" थीम पर हजारों योग प्रेमियों ने लिया भाग Reviewed by PSA Live News on 8:55:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.