ब्लॉग खोजें

झारखंड राज्य के निर्माता श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी का अपमान बर्दाश्त नहीं: संजय सेठ

 


रांची। झारखंड में झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सरकार द्वारा 'अटल मोहल्ला क्लीनिक' योजना का नाम बदलकर उसे 'मदर टेरेसा एडवांस हेल्थ क्लीनिक' कर देना राजनीतिक गलियारों में तीव्र आलोचना का विषय बन गया है। इस निर्णय पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री और रांची सांसद श्री संजय सेठ ने इसे झारखंड राज्य के संस्थापक और युगपुरुष श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी का खुला अपमान बताया है।

श्री सेठ ने कड़े शब्दों में कहा, "झारखंड राज्य का निर्माण अटल जी की दूरदृष्टि और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने झारखंड की भावनाओं को समझा, स्वीकार किया और उसे देश के नक्शे पर एक सम्मानजनक पहचान दिलाई। आज उन्हीं अटल जी के नाम पर शुरू की गई स्वास्थ्य योजना का नाम बदलकर एक राजनीतिक एजेंडे के तहत दूसरी दिशा में मोड़ना दुखद और निंदनीय है। यह झारखंड की जनता और उसकी अस्मिता का भी अपमान है।"

"सरकार जनता से जुड़ने की बजाय भटका रही है ध्यान"

संजय सेठ ने कहा कि राज्य की मौजूदा सरकार जनहित के कार्यों और मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की बजाय, नाम बदलने और प्रतीकों के साथ खिलवाड़ करने में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि "अगर सरकार सच में स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने को लेकर गंभीर होती तो नए क्लीनिक खोलकर, आधुनिक संसाधन और डॉक्टरों की बहाली सुनिश्चित कर झारखंडवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने की पहल करती। परंतु इसके बजाय, यह सरकार प्रतीकात्मक राजनीति में उलझी है जो राज्य की जनता को गुमराह करने का एक तरीका मात्र है।"

"मूल्य और विचारधारा से दूर हो चुकी है झारखंड सरकार"

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि झारखंड की मौजूदा सत्ता उन शक्तियों के हाथ में है जिन्हें न तो राज्य की संस्कृति से कोई जुड़ाव है और न ही अटल जी के योगदान का सम्मान करना आता है। उन्होंने कहा कि "यह सरकार पूरी तरह दिशाहीन हो चुकी है। हर मोर्चे पर विफल होने के बाद अब यह भावनात्मक मुद्दों से ध्यान भटकाकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है।"

"जनता जवाब देगी – अटल जी का अपमान नहीं सहेगा झारखंड"

श्री सेठ ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि झारखंड की जनता अटल जी के साथ इस तरह के दुर्व्यवहार को कभी स्वीकार नहीं करेगी। "यह सरकार भूल न करे कि अटल जी सिर्फ एक नेता नहीं थे, वे विचारधारा, विकास और विश्वास के प्रतीक थे। उनका अपमान सीधे-सीधे झारखंड की आत्मा का अपमान है। जनता इस अपमान का जवाब आने वाले चुनावों में जरूर देगी," उन्होंने कहा।

झारखंड में अटल मोहल्ला क्लीनिक योजना का नाम बदलने को लेकर राज्य की सियासत गरम होती जा रही है। जहां एक ओर भाजपा इसे अटल जी के सम्मान और राज्य की अस्मिता से जुड़ा मामला मान रही है, वहीं सरकार के इस फैसले को विपक्ष जनविरोधी और दिशाहीन कार्यशैली का प्रतीक बता रहा है। अब देखना यह होगा कि सरकार इस फैसले पर पुनर्विचार करती है या इसे लेकर जनता के बीच नया राजनीतिक संघर्ष खड़ा होता है।

झारखंड राज्य के निर्माता श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी का अपमान बर्दाश्त नहीं: संजय सेठ झारखंड राज्य के निर्माता श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी का अपमान बर्दाश्त नहीं: संजय सेठ Reviewed by PSA Live News on 4:33:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.